जबलपुर। नवरात्र के आते ही शहर में दुर्गा पंडाल तैयार किए जाने लगे हैं। इसमें चिन्हित जगहों पर नए-नए प्रयोग किए जा रहे हैं। बेहतर और आकर्षक साज-सज्जा के साथ प्राकृतिक वातावरण देने के प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसा ही सिविल लाइन में बाल दुर्गोत्सव समिति मां नर्मदा की अनुपम कृति बनाने जा रही है। इसमें श्रृद्धालुओं को नाव से 70-80 मीटर जाकर मां जगदम्बा के दर्शन करने होंगे।
समिति प्रमुख कमलेश अग्रवाल कहते हैं कि श्रृद्धालुओं के दर्शनार्थ तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रवेशद्वार से करीब तीन मीटर पर नर्मदा सूचक टैंक बनाया गया है, जिसमें नर्मदा जल भरा जाएगा। इसके दूसरे छोर पर जगत जनती मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके साथ ही बैजनाथ धाम का मंदिर भी बनाया जा रहा है। इस जगह तक पहुंचने के लिए तीन नाव रहेगी, जो श्र्द्धालुओं को प्रतिमा स्थल तक ले जाएगी।
पर्यावरण के तहत इस टैंक के दोनों ओर पहाड़ बनाकर उस पर हरियाली बनाई जा रही है। इसमें प्राकृतिक बीज रोपे गए हैं। इससे कुंड के दोनों ओर पर हरियाली नजर आएगी। श्री अग्रवाल का कहना है कि नर्मदा रूपी कुंड के दोनों ओर नदी के किनारों की तरह ही ये नजर आएंगे। उनकी कोशिश है कि लोगों के लिए इसे बैठकी से ही शुरू कर दिया जाएगा।
