जबलपुर। बरगी के पिपरिया गांव में जंगली हाथी की मौजूदगी से गांववाले दहशत में हैं। खेतों के पास अचानक हाथी को देखकर लोग अपने घरों में दुबक गए। लोगों ने चोरी-छिपे हाथी का वीडियो बनाया था और इसकी सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस ने संभावित खतरे को देखते हुए वन विभाग से संपर्क किया है।
बरगी से लगे पिपरिया गांव से लगे खेतों में एक विशाल दांत वाले जंगली हाथी की मौजूदगी रही। रविवार को हाथी को देखकर लोग अचरज में रहे। हाथी खेतों में लगी फसलों के साथ अन्य हरियाली चट करता नजर आया। वीडियो में हाथी के दो बड़े दांत नजर आ रहे हैं। हाथी की बीच-बीच में चिघाड़ सुनाई दे रही थी। ग्रामीणों का कहना था कि पिपरिया गांव के छोर पर खेतों के बाद जंगली क्षेत्र लगा हुआ है। यह हाथी उसी क्षेत्र से आया और काफी देर तक गांव के हिस्से में खाना खोजता रहा। उसके बाद वह वापस जंगल की ओर चला गया था।
कहते हैं लोग
- गांव के 80 वर्षीय नन्हेंलाल भूमिया कहते हैं कि उनके जीवन में यह पहली बार हुआ है, जब गांव तक कोई जंगली हाथी पहुंचा है।
- साजन सिंह का कहना था कि यहां अक्सर सियार, गुटरी सहित कभी तेंदुआ नजर आया है लेकिन हाथी नहीं था।
बरगी के पिपरिया गांव में जंगली हाथी के पहुंचने की सूचना मिली थी। अमला मौके पर पहुंचा था, लेकिन तब तक हाथी जा चुका था। हाथी की खोजबीन की जा रही है।
अपूर्वा प्रखर शर्मा, फॉरेस्ट रेंज ऑफीसर
