रीवा. एमपी के रीवा में खड्डा टोल प्लाजा के पास सोमवार सुबह स्कूल बस और बोलेरो की टक्कर हो गई। हादसे में बोलेरो सवार 9 लोग घायल हो गए। सभी सीधी जिले के रहने वाले हैं और मैहर से दर्शन कर लौट रहे थे। स्कूल बस सिंगरौली की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बोलेरो में सवार परिवार मैहर से दर्शन कर लौट रहा था। इसी दौरान खड्डा टोल प्लाजा के पास स्कूल बस और बोलेरो की भिड़ंत हो गई। टक्कर में बोलेरो सवार लोगों को चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए पहुंचाया गया।
8 घायलों की हालत स्थिर, एक गंभीर
लव कुमार सोंधिया के अनुसार, हादसे में रामजीत सोंधिया, प्रांशु सोंधिया, रानी सोंधिया, संगीता सोंधिया, हनुमान सोंधिया, उमेश तिवारी, रामवती मौर्य, निर्मला सोंधिया और मुन्नालाल सोंधिया घायल हुए हैं। इनमें 8 की हालत स्थिर बताई जा रही है, जबकि एक घायल की हालत गंभीर है।
ड्राइवर को झपकी आने की आशंका
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, स्कूल वैन के ड्राइवर को झपकी आने के कारण हादसा होने की आशंका है। हालांकि, दुर्घटना की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की जांच के बाद ही टक्कर की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
