व्यापारियों को डरा-धमकाकर की जा रही उगाही का वीडियो आया सामने, चंदा नहीं मिला तो देख लेंगे
जबलपुर। नवरात्र पर लोगों की आस्था पर चंद लोगों की वजह से आस्था पर प्रहार हो रहा है। मनमाने ढंग से उगाही स्वरूप चंदा मांगा जा रहा है। व्यापारी वर्ग इससे परेशान हो चुका है। मनमाफिक चंदा नहीं मिलने पर व्यापारियों को धमकी दी जा रही है। यह माजरा भले की शॉकिंग लगे लेकिन सच्चाई यह है कि इसके अंश सीसीटीवी में कैद हो गए। व्यापारियों ने वीडियो फुटेज के साथ लार्डगंज थाने में शिकायत दी है।
सुपर मार्केट में समिति के कथित सदस्यों की कारगुजारी सामने आई है, जहां चंदे के नाम पर मनमाने ढंग से वसूली की जा रही है। हाल ही में सुपर मार्केट दुर्गोत्सव समिति के सदस्यों द्वारा नया बाज़ार के प्रीतिष्ठित व्यापारी वेलकम फ़ुटवेयर संचालक के पुत्र सागर से चंदे को लेकर अपशब्द कहे और मारपीट तोड़फोड़ की। इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज और वीडियो सामने आया है। सदस्यों ने ज़बरदस्ती 2100 की रसीद काटी। सागर द्वारा कहा गया कि पिताजी शाम को मिलेंगे, तब आना। इतनी सी बात पर दबंगई की गई।
यह मामला एक दुकान तक सीमित नहीं है, जहां इन लोगो ने दुर्गास्थल के पास अन्य दुकान में भी जमकर हंगामा किया। मौजूद व्यापारी राजकुमार के साथ अभद्रता और चंदा देने पर दबाब बनाया। चंदा देने से मना किए जाने पर उसे देख लेने की धमकी दी गई। दुकान के सामने रखे जाने वाले सामान को हटाने पर विवश किया गया। व्यापारी का कहना था कि इसके पूर्व भी इन लोगों ने दबंगई करते हुए विवाद किया था, जिसकी एफआईआर की गई थी लेकिन वे पुनः दबाव बनाकर दबंगई दिखा रहे हैं। इस मामले की वीडियो फुटेज के साथ लार्डगंज थाने में शिकायत की गई है।
- इस प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
नवल सिंह आर्य, थाना प्रभारी, लार्डगंज
