जबलपुर। खजरी खिरिया बायपास के पास बारूद कांड में नामजद शमीम कबाड़ी उर्फ शमीम खान को कथित फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनवाने के मामले में गिरफ्तार किया। शमीम ने नागपुर के पते से जुड़े दस्तावेजों का इस्तेमाल कर पासपोर्ट बनवाया था।
अधारताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि इस प्रकरण में पुलिस अब कथित फर्जी दस्तावेजों के स्रोत और पासपोर्ट बनवाने की प्रक्रिया में शामिल लोगों की जांच कर रही है।
अब फर्जी दस्तावेजों से पासपोर्ट बनवाने के मामले में गिरफ्तारी की गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कथित फर्जी पहचान और निवास संबंधी दस्तावेज किसने तैयार किए हैं। पासपोर्ट आवेदन में कौन लोग शामिल हैं। पुलिस दस्तावेजों तथा संबंधित रिकॉर्ड की बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस को प्रथम दृष्टया यह सामने आया है कि बारूद कांड के बाद शमीम का पासपोर्ट रद्द कर दिया गया था। शमीम ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नागपुर से पासपोर्ट बनाया था। फरारी के दौरान वह दुबई में छिपा था।
गौरतलब है कि 25 अप्रैल 2024 को खजरी खिरिया बाईपास रोड स्थित रजा मेटल इंडस्ट्री के कबाड़खाने में भीषण विस्फोट हुआ था। हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई थी। कबाड़खाने को भारी नुकसान पहुंचा था। इसमें शमीम कबाड़ी का नाम सामने आया था। उसकी तलाश के दौरान उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
