दमोह। दमोह के नोहटा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम लरगुवा में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बीती देर रात करीब 2 बजे सात अज्ञात बदमाश लरगुवा गांव की महिला सरपंच प्रेमरानी अहिरवार और उनके पति नोनेलाल अहिरवार को बंधक बनाकर एक लाख रुपए नगद व 20 लाख रुपए के जेवर लूटकर ले गए।
पुलिस के अनुसार घर में घुसे बदमाशों ने सो रहे पति-पत्नी का मुंह दबाकर उन्हें बंधक बना लिया। इसके बाद आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और गला दबाकर थप्पड़ भी मारे। पीडि़ता के अनुसार, अंधेरा होने के कारण वे बदमाशों के चेहरे नहीं देख पाईं। डकैती को अंजाम देने के बाद बदमाश घर से एक लाख रुपए नकद और 20 लाख रुपए से अधिक कीमत के सोने-चांदी के जेवर जिनमें चांदी का डोरा, लच्छा, पायल, पांचाली और मंगलसूत्र शामिल हैं लूटकर फरार हो गए। जाते समय आरोपियों ने बाहर से दरवाजा बंद कर दिया था। घटना के बाद किसी तरह पीडि़तों ने शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया, जिन्होंने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। आज दोपहर सरपंच प्रेमरानी अहिरवार, उनके पति और ग्रामीण बनवार चौकी पहुंचे और आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई। पीडि़त पति नोनेलाल अहिरवार ने आशंका जताई है कि इस वारदात में किसी परिचित का हाथ हो सकता है।
Tags
damoh