पुलिस के अनुसार जबलपुर के शातिर चोर सूरज डुमार, महेंद्र पटेल उर्फ पिल्लू और शुभम जायसवाल अपने 3 साथियों के साथ मंडला पहुंचकर घरों में रैकी करते थे। इसके बाद चोरी की वारदातों को अंजाम देते रहे। आरोपियों ने 8 अक्टूबर को मंडला में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. डॉली चौधरी के घर में वारदात को अंजाम देकर करीब 25 लाख रुपए के सोने, चांदी के जेवर, हीरे की अंगूठियों सहित अन्य सामान चोरी किया था। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपियों को जबलपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया माल बरामद कर शहर में हुई अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ शुरु कर दी है। पुलिस का कहना है कि सितम्बर व अक्टूबर को सुरेंद्र कुमार रजक, विशाल कुमार दुबे और डॉ. राहुलदेव धार्या के घरों में चोरी की वारदातें हुई थीं। पुलिस इन मामले में भी पूछताछ कर रही है।
जबलपुर में गलवाए चोरी के आभूषण-
पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी किए गए कुछ आभूषण जबलपुर में गलवाए गए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आभूषणों के अलावा 80 हजार रुपए नकद और अन्य संपत्ति भी जब्त की है।
तीन मुख्य आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं मामले-
पुलिस ने सूरज डुमार, महेंद्र पटेल उर्फ पिल्लू और शुभम जायसवाल सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, महेंद्र पटेल के खिलाफ पहले से 17, सूरज डुमार के खिलाफ 25 और शुभम जायसवाल के खिलाफ 15 प्रकरण दर्ज हैं।