जबलपुर। त्योहार पर बिजली अमले की लचर कार्यप्रणाली सामने आ रही है। शहर के कई ऐसे स्पॉट हैं, जहां बिजली पोल पर लगी डीपी खुली हुई है। इन डीपी से करंट का खतरा बना हुआ है। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें पानी की तेज धार खुली डीपी पर पड़ रही है। गौरतलब है कि इस स्पॉट से कुछ ही दिनों बाद त्योहार पर पंडाल बनाया जाता है, जहां श्रृद्धालुओं का तांता लगता है, ऐसे हालात में हादसे की आशंका बनी हुई है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है कि सड़क किनारे फुटपाथ पर डीपी खुली हुई है। डीपी की बिजली तारें दिखाई दे रही है। इस डीपी के पास ही नल कनेक्शन टूटा हुआ है। इससे पानी का फव्वारा छूट रहा है। यह पानी डीपी पर भी पड़ रहा है। यह वीडियो कछपुरा से एमआर-4 की ओर आने वाले मार्ग का बताया गया है। क्षेत्रीय लोगों के मुताबिक डीपी पर पानी पड़ने से बीच-बीच में स्पार्क हो रहा था। इसकी सूचना बिजली विभाग को दी गई थी। इसके साथ ही नगर निगम का अमला भी मौके पर पहुंचा था। निगम ने पानी तो बंद कर दिया था लेकिन डीपी का ढक्कन बंद करने में औपचारिकता पूरी की गई है। खबर अभी तक ऐसे वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
