khabar abhi tak

बड़ी सौगात:रेल नक्शे पर उभरा सीधी, कल मिलेगी पहली डायरेक्ट ट्रेन सेवा



जबलपुर। मध्य प्रदेश के विंध्य अंचल को कल 24 अक्टूबर को रेल नेटवर्क का बड़ा तोहफा मिलने जा रहा है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सतना–देवेंद्रनगर (53 किमी) तथा रीवा–चुरहट (65 किमी) के कुल 118 किलोमीटर लंबे रेलखंडों का लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर देवेंद्रनगर–चुरहट नई गाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा, जिससे सीधी जिला स्वाधीनता के बाद पहली बार सीधे भारतीय रेल के मानचित्र पर आ गया है। इस ऐतिहासिक आयोजन के तहत चुरहट में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, सांसद जनार्दन मिश्रा और राजेश मिश्रा मौजूद रहेंगे, जबकि नागौद में राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी, सांसद गणेश सिंह, विष्णु दत्त शर्मा एवं विधायक नागेन्द्र सिंह उपस्थित रहेंगे। मध्य प्रदेश में वर्तमान में 1,18,379 करोड़ रुपये के रेल प्रोजेक्ट जारी हैं।

​ललितपुर सिंगरौली परियोजना से खनिजों की ढुलाई होगी आसान

​ललितपुर–सिंगरौली नई लाइन के अंतर्गत आने वाला यह मार्ग पन्ना और सिंगरौली को जोड़ेगा। इस हिस्से में रेल लाइन बिछने से सीमेंट संयंत्रों, चूना पत्थर खदानों और औद्योगिक इकाइयों को माल ढुलाई की सीधी सुविधा मिलेगी। वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान राज्य के रेल विस्तार के लिए 15,188 करोड़ रुपये का ऐतिहासिक बजट आवंटित हुआ है। रीवा और सीधी के बीच विषम पहाड़ी इलाकों को चीरते हुए कई पुल तैयार किए गए हैं। इस पथरीले और दुर्गम रास्ते पर आधुनिक तकनीक से बनी 3.33 किलोमीटर लंबी सुरंग भी बनकर तैयार हो चुकी है, जो भारी मालगाड़ियों तथा पैसेंजर गाड़ियों के सुरक्षित आवागमन को सक्षम बनाएगी।

​सस्ती यात्रा के साथ विंध्य में पर्यटन चमकेगा

​रोजाना सफर करने वाले विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और छोटे कारोबारियों को सड़क के महंगे किराए से राहत मिलेगी। मुकुंदपुर स्थित व्हाइट टाइगर सफारी समेत आसपास के प्रमुख धार्मिक, प्राकृतिक और ऐतिहासिक स्थलों तक सैलानियों की सीधी पहुंच बनेगी। परिवहन व्यवस्था सुधरने से होटल, टैक्सी और स्थानीय बाजारों में नए रोजगार पनपेंगे। आसपास के ग्रामीण अंचलों का सीधा जुड़ाव बड़े व्यापारिक केंद्रों से होने के कारण युवाओं को स्वरोजगार और नौकरी के नए विकल्प अपने ही इलाके में उपलब्ध होंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak