khabar abhi tak

जबलपुर: तीन सरकारी स्कूलों की व्यवस्थाएं जांचने पहुंचे प्रमुख सचिव




जबलपुर। जनविश्वास अभियान के तहत स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. संजय गोयल ने जबलपुर जिले के शहपुरा विकासखंड के शासकीय हाई स्कूल पावला, शासकीय हाई स्कूल सुंदरादेही और पीएमश्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरमान का औचक निरीक्षण किया। इस प्रशासनिक भ्रमण के दौरान प्रमुख सचिव ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद साधा और विभिन्न शासकीय योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की गहन समीक्षा की। विद्यार्थियों से उनकी नियमित पढ़ाई, पाठ्यक्रम की स्थिति, भविष्य के लक्ष्यों और विकसित भारत की संकल्पना पर चर्चा हुई। इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी गौतम बर्वे, जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) योगेश शर्मा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) तथा विकासखंड स्त्रोत समन्वयक (बीआरसी) मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

​बेहतर शैक्षणिक गुणवत्ता और अनुशासन पर विशेष जोर

​शासकीय विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से संस्था प्रमुखों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कक्षाओं में दर्ज विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत हाजिरी सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा गया। संस्था में शिक्षण स्तर को सुधारने के लिए नियमित रूप से कालखंड के हिसाब से ही सभी विषयों का अध्यापन कार्य संचालित करने की अनिवार्यता तय की गई।

​तय समय सीमा में संपूर्ण पाठ्यक्रम पूरा कराएं

​शिक्षकों को शैक्षणिक कार्ययोजना के तहत प्रतिदिन डायरी संधारित करने की व्यवस्था का कड़ाई से पालन करने को कहा गया। बोर्ड और वार्षिक परीक्षाओं की पूर्व तैयारी के दृष्टिगत निर्धारित समय-सीमा के भीतर संपूर्ण सिलेबस पूरा कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई, जिससे बच्चों के परीक्षा परिणाम और बुनियादी ज्ञान में व्यापक सुधार संभव हो सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak