जबलपुर/दमोह. जबलपुर से हजरत निजामुद्दीन (दिल्ली) जा रही मध्य प्रदेश संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के एसी (बी3) कोच में रविवार 27 सितम्बर की रात सांप देखने की खबर से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। दमोह रेलवे स्टेशन पहुंचने पर ट्रेन के कोच की तलाशी ली गई।
आरपीएफ, जीआरपी व रेल कर्मचारी मौके पर पहुंचे और सांप को पकडऩे के लिए सपेरों को भी बुलाया गया। करीब एक घंटे तक कोच में खोजबीन के बावजूद सांप नहीं मिला। इसके बाद ट्रेन को सागर की ओर रवाना किया गया।
जबलपुर से दिल्ली जा रही थी ट्रेन
यह घटना रविवार रात करीब 10 बजे हुई, जब जबलपुर से दिल्ली जाने वाली संपर्क क्रांति एक्सप्रेस दमोह स्टेशन पहुंची। एक यात्री ने एसी बी3 कोच में सांप देखने की बात बताई, जिसके बाद स्टेशन मास्टर को सूचना दी गई।
रात 11 बजे रवाना हुई ट्रेन
स्टेशन मास्टर ने सपेरों और आरपीएफ, जीआरपी को बुलाया। प्लेटफार्म क्रमांक एक पर ट्रेन रुकते ही सपेरों ने बीन बजाई और पुलिस ने पूरे कोच की तलाशी ली। सांप नहीं मिलने पर रात करीब 11 बजे ट्रेन को आगे भेजा गया। इस दौरान यात्रियों को करीब एक घंटे तक परेशानी हुई और ट्रेन भी एक घंटा लेट हो गई। यात्रियों को जब भरोसा हो गया कि कोच में सांप नहीं है, तब वे निश्चिंत हुए। आरपीएफ पुलिस और स्टेशन मास्टर मौके पर मौजूद थे।

