khabar abhi tak

चौथापुल-भैंसासुर मार्ग पर पानी और कीचड़ का कब्जा, जनता त्रस्त



जबलपुर। चौथापुल से भैंसासुर मार्ग पर नगर निगम की लचर कार्यप्रणाली के चलते सड़क का निर्माण कार्य जनता के लिए भारी आफत बन गया है। निगरानी के पूरी तरह अभाव में ठेकेदार मनमाने तरीके से काम करा रहा है। इस लापरवाही के कारण स्थानीय वाशिंदों, व्यापारियों और राहगीरों का पैदल चलना तथा वाहन निकालना बेहद दूभर हो चुका है। इलाके के लोगों ने बताया कि घरों में नल कनेक्शन देने के लिए सड़क पर पाइपलाइन डाली गई थी। जेसीबी मशीन से खुदाई के दौरान पाइपलाइन को बुरी तरह तोड़ दिया गया। लाइन फूटने से पूरी सड़क पर पानी बहने लगा और चारों तरफ कीचड़ ही कीचड़ फैल गया।

​खुले चेंबर हादसों को दे रहे खुला न्योता

​मार्ग पर सीवर व ड्रेनेज के चेंबर के ढक्कन ठीक तरह से नहीं लगाए गए हैं। कई जगहों पर स्थिति इतनी बदतर है कि चेंबर पर ढक्कन तक नहीं लगे हैं और वे खुले पड़े हैं। इस तरह की गंभीर लापरवाही के चलते हर समय जानलेवा दुर्घटनाओं का खतरा मंडरा रहा है।

​गड्ढों में कार फंसी स्थानीय लोग परेशान

​बेढंगी खुदाई के चलते बीती शाम मार्ग से गुजर रही 1 कार मिट्टी और गड्ढे में धंस गई। वाहन के फंस जाने से चालक काफी देर तक परेशान रहा। आसपास के क्षेत्रीय लोगों की कड़ी मशक्कत और मदद के बाद कार को बाहर निकाला जा सका। जिम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी का खामियाजा आम जनता भुगतने को विवश है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak