जबलपुर। साइबर अपराध रूकने का नाम नहीं ले रहा है। तमाम जागरूकता के बाद भी लोग अनजान कॉल और मैसेज में फंस रहे हैं, जिससे उनके खाते खाली हो रहे हैं। ऐसे तीन मामले फिर सामने आए हैं, जिनमें खाते से लाखों रूपया निकाल लिया गया। पीड़ितों ने मामला पुलिस को सौंपा है।
घमापुर पुलिस ने बताया कि बरऊ मोहल्ला में रहने वाली रंजीता केवट ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 25 सितंबर को दोपहर लगभग 12 बजे उसके मोबाइल पर अज्ञात मोबाइल से कॉल आया। दूसरी ओर से बताया कि आपका कोरियर आया है। आधारकार्ड उक्त मोबाइल पर व्हाटसएप पर भेजने के लिये कहा तो उसने अपना आधारकार्ड की फोटो व्हाटसएप पर भेज दी। उक्त मोबाइल धारक ने स्केेनर भेजा, जिसके कहने पर उसने उसने 29 हजार रूपये डाल दिये। उक्त मोबाइल धारक और रूपये डालने के लिये कहा, जिसके कहने पर उसने 10 हजार रूपये, 11 हजार रूपये, 14 हजार रूपये ट्रांसफर कर दिये। उक्त मोबाइल धारक पुनः 30 हजार रूपये और भेजने के लिये कहा नहीं तो कोरियर वापस हो जायेगा। मोबाइल धारक द्वारा कोरियर आने की कहकर उसके साथ धोखाधड़ी कर उससे 64 हजार रूपये पेटीएम के माध्यम से स्थानांतरण करा लिये।
पनागर पुलिस के मुताबिक बुधवार को संदीप गडारी निवासी ग्राम कसही ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि फूड कार्पोरेशन ऑफ इंडिया में प्राईवेट काम करता है। उसकी पत्नी कामिनी गड़ारी का बैंक ऑफ इंडिया पनागर में खाता है। 25 सितंबर को वह घर पर था। उसकी पत्नी के बैंक खाते से 1.80 रूपये कट गये, जिसका मैसेज आया। उसे लगा कि बैंक द्वारा मैसेज की सुविधा देने के लिये पैसे कटे होंगे। 26 सितंबर को उसे मोबाइल पर अज्ञात मोबाइल धारक ने फोन कर बताया कि आपके व्हाटसएप पर कोई मैसेज आता है, उसे डिलीट कर देना। वह काम में व्यस्त होने के कारण उक्त मोबाइल धारक की बात सामान्य समझकर फोन काट दिया। बाद में उसकी पत्नी के बैंक खाते से लगातार 10 हजार रूपये, 20 हजार रूपये, 10 हजार रूपये, 20 हजार रूपये, 5 रूपये, 9 हजार 999 रूपये, 7 हजार रूपये, 499.81 रूपये, 5.90 रूपये,14.99 रूपये कुल 77 हजार 524.70 रूपये किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा सायबर फ्राड कर निकाल लिये।
माढ़ोताल थाने में खजरी बायपास के पास रहने वाले रोहित मेहरा ने ऑनलाइन 99 हजार 900 रूपये की वित्तीय धोखाधड़ी होने की शिकायत की थी, जिसकी जांच दौरान रोहित मेहरा के कथन लेख किये गये। रोहित ने बताया कि 27 सितंबर की रात लगभग 10 बजे उसके मोबाइल पर मैसेज आने लगे। उसके फोन पे पर चैक किया। उसके अकाउण्ट से कुल 99 हजार 900 रूपये कट गये।