जबलपुर। गंगानगर स्थित पीएम एसएचआर आई रानी दुर्गावती उच्चतर माध्यमिक शाला में सातवीं कक्षा की एक छात्रा को शिक्षक द्वारा डस्टर फेंककर मारे जाने की खबर सामने आई है। छात्रा के पालकों ने इस मामले की संजीवनीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। डस्टर बच्ची के सिर में लगना बताया गया है, जिससे उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। एएसपी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि रानी दुर्गावती उच्चतर माध्यमिक शाला में सातनी कक्षा की एक छात्रा के सिर पर आशीष जैन नाम के शिक्षक ने डस्टर फेंककर मारा था। डस्टर लगने से मौके पर छात्रा अर्धबेहोश हो गई थी। छात्रा के सिर से खून बहने लगा था। शिक्षक ने मौके पर अपना रूमाल लगाकर उसका खून रोक दिया था। छात्रा ़द्वारा घर जाने की इच्छा जताई गई लेकिन शिक्षक ने उसे क्लास रूम से बाहर नहीं निकलने दिया था।
पुलिस का कहना है कि छात्रा की बिगड़ती हालत को देखते हुए क्लास की अन्य छात्राओं ने बाहर निकलकर इसकी सूचना अन्य शिक्षकों को दी। इससे स्कूल स्टॉफ ने आकर तत्काल इसकी खबर छात्रा के पालकों को दी। पालकों ने मौके पर पहुंचकर छात्रा को इलाज के लिए अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने छात्रा हालत को देखते हुए तत्काल छात्रा का एमआरआई कराया और उसे इलाज के लिए भर्ती किया था।
