जबलपुर। प्रदेश की 26 हजार से ज्यादा राशन दुकानों सहित शहर की 440 दुकानों में गुरूवार से ताला पड़ गया है। ताला पड़ने की वजह ऑपरेटरों के हड़ताल पर जाना बताया गया है। राशन दुकान ऑपरेटरों ने इस आशय संबंधी एक ज्ञापन कलेक्ट्र्ेट में सौंपा है, जिसमें अपनी मांगे नहीं पूरी किए जाने का हवाला देते हुए कहा है कि यदि सरकार उनकी मांगे पूरी नहीं करती हैं तो इससे उग्र कदम उठाया जाएगा।
राशन दुकान संचालकों ने कहा है कि उनके साथ भेदभाव किया जा रहा है। एक तो खाद्धान अच्छा नहीं मिल रहा है, जो मिल भी रहा है, उसका कमीशन बहुत देर से आ रहा है। इससे वे आर्थिक संकट से घिर रहे हैं। इनका कहना था कि वर्ष 2014-15 का कमीशन इतने दिनों बाद भी नहीं मिल सका है। उधर, यह भी सामने आ रहा है कि अपनी समस्याएं बताने के बाद भी विभाग का उदासीन रवैया है, जिससे राशन दुकान विक्रेताओं ने फैसला लिया है कि गुरूवार से एक हफ्ते तक हड़ताल की जाएगी। यह हड़ताल सिर्फ शहर में नहीं होगी बल्कि पूरे प्रदेश में की जा रही है।
एक सवाल के जवाब में राशन दुकान संचालकों ने अफसोस जाहिर करते हुए कहा है कि हड़ताल उनकी मजबूरी बन गई थी। वरना वे भी समझते हैं कि दुकानें बंद होने से गंरीब व्यक्तियों की हालत खराब हो जाएगी।
