जबलपुर। नर्मदा तट गौरी घाट में शुक्रवार 4 सितम्बर को होमगार्ड जवानों की नाव डूबने की घटना को होमगार्ड विभाग के अधिकारियों ने गंभीरता से लिया है। हादसे के बाद मध्यप्रदेश होमगार्ड के डीआईजी अमित सांगी जबलपुर पहुंचे हैं। वे मध्यप्रदेश आपदा प्रबंधन के प्रभारी भी हैं। उनके जबलपुर पहुंचने के बाद हादसे से जुड़े पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली जा रही है।
बताया जाता है कि डीआईजी ने घटना के दौरान मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों से जानकारी लेते हुए नाव के डूबने के कारणों की पड़ताल शुरू की है। साथ ही राहत एवं बचाव कार्य, सुरक्षा व्यवस्था और मौके पर अपनाई गई प्रक्रिया की भी समीक्षा की जा रही है। अधिकारियों का प्रयास है कि हादसे के वास्तविक कारण सामने आ सकें और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा सकें। मामले में विभागीय स्तर पर रिपोर्ट तैयार की जा रही है। उल्लेखनीय है कि इस घटना के दौरान बोट का इंजिन बीच नदी में बंद हो गया था, साथ ही इसमें क्षमता से अधिक जवानों को बैठाया गया था. स्थानीय गोताखोरों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया था.
