जबलपुर। गोवा की दूरी अब 11 घंटे में और मुंबई की दूरी 10 घंटे में पूरी होने वाली है। जबलपुर-नागपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे को लेकर जल्द ही डीपीआर पेश होने वाली है। इससे जबलपुर सीधा महाराष्ट्र के महामार्ग से जुड़ जाएगा। इस मेगा प्रोजेक्ट से मध्य प्रदेश की महाराष्ट्र और गोवा तक शानदार कनेक्टिविटी हो जाएगी। जबलपुर की नागपुर और पुणे से भी दूरी बहुत हद तक कम हो जाएगी। जबलपुर नागपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे आगे जाकर नागपुर-गोवा के शक्तिपीठ एक्सप्रेस-वे से सीधा कनेक्ट हो जाएगा। इस प्रोजेक्ट पर तीन अलग.अलग चरणों में काम किया जा रहा है।
जबलपुर नागपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे सीधा महाराष्ट्र के शक्तिपीठ एक्सप्रेसवे से कनेक्ट होगा। इससे जबलपुर और गोवा की दूरी में बड़ा फर्क आएगा। वर्तमान में जबलपुर से गोवा के पणजी तक जाने में 22 से 24 घंटे का समय लग जाता है। घाटों और संकरे रास्तों के कारण ट्रैफिक जाम की स्थिति भी दिखती है। लेकिन इस ग्रीनफील्ड कॉरिडोर और शक्तिपीठ एक्सप्रेस-वे नेटवर्क के चालू होने के बाद जबलपुर से गोवा का सफर मात्र 11 से 12 घंटे में हो जाएगा। इससे यात्रा का समय 50 प्रतिशत तक कम हो जाएगा। दोनों शहरों के बीच की कुल दूरी 1200 किलोमीटर है, लेकिन नए हाईवे से इसकी दूरी में 100 से 150 किलोमीटर की दूरी भी कम हो जाएगी।
