जबलपुर. हिंदी दिवस के अवसर पर जबलपुर मंडल रेल कार्यालय सहित मंडल के कार्यालयों एवं स्टेशनों पर सरकारी कामकाज में राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए शपथ दिलाई गई। मंडल कार्यालय में राजभाषा अधिकारी गुन्नार सिंह द्वारा रेलकर्मियों को हिंदी में अधिकाधिक सरकारी कार्य निष्पादित करने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर उनके द्वारा महाप्रबंधक, पश्चिम मध्य रेलवे के हिंदी दिवस संदेश-2026 का वाचन भी किया गया।कार्यक्रम के दौरान मंडल में मनाए जा रहे राजभाषा मास-2026 के अंतर्गत आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। साथ ही विभिन्न विभागों में रेलकर्मियों को कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया गया।
इसी क्रम में जबलपुर मंडल के रेलवे हॉस्पिटल नरसिंहपुर में भी राष्ट्रीय हिंदी दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रेलवे चिकित्सक डॉ. आर.आर. कुर्रे, रेलवे कर्मचारी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे। इस दौरान हिंदी भाषा के महत्व, उसके प्रचार-प्रसार तथा दैनिक जीवन एवं कार्यस्थल पर हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर प्रकाश डाला गया।
उल्लेखनीय है कि 14 सितंबर 1949 को संविधान सभा द्वारा हिंदी को संघ की राजभाषा के रूप में स्वीकार किया गया था। इसी ऐतिहासिक दिवस की स्मृति में प्रत्येक वर्ष हिंदी दिवस मनाया जाता है। कार्यक्रमों के माध्यम से रेलकर्मियों एवं उनके परिजनों को हिंदी के प्रति सम्मान एवं इसके अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया गया तथा आने वाली पीढ़ी को भी हिंदी भाषा के अध्ययन एवं प्रयोग के लिए प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।

