जबलपुर/सतना। दुबई से अपने पति सुनील ठाकुर की तलाश करते हुए महिला अश्विंदर कौर सतना पहुंच गई। जहां पर पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर कहा कि उनके पति अचानक दुबई से भारत लौट आए है, इसके बाद कोई संपर्क नहीं हो रहा है, उनके पति सुनील ठाकुर को तलाश करने में मदद की जाए। महिला ने बताया कि फरवरी 2025 में जबलपुर के मढ़ाताल गुरुद्वारा में परिजनों की उपस्थिति में शादी हुई थी। इसके बाद से दुबई में अपना सुखमय जीवन व्यतीत कर रही थी।
पुलिस अधिकारियों को अश्विंदर कौर ने बताया कि वर्ष 2020 से सुनील ठाकुर के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। दोनों के रिश्ते के बारे में सुनील और उसके परिवार के सदस्यों को जानकारी थी। हमने 23 फरवरी 2025 को जबलपुर के मढ़ाताल (सिविक सेंटर) स्थित गुरुद्वारे में शादी की थी। शादी उनके रिश्तेदारों और अन्य लोगों की मौजूदगी में हुई थी। अब वह दुबई से यहां आ गए हैं। मैं उन्हें जबलपुर और सतना में ढूंढ रही हूं। पत्नी ने बताया कि मुझे पता चला है कि वह सतना में अपनी बहन के घर आए हुए हैं। उनकी मां सुनीता रोरा, जो मेरी सास हैं, भी यहां आई हुई हैं। उन्हें वहां छिपाकर रखा गया है। मुझसे मिलने नहीं दिया जा रहा है। उनका कहना है कि मेरे साथ नहीं रहना है और उन्हें यहां जबरदस्ती लेकर आई हैं। पत्नी का कहना है कि मैं अभी पुलिस स्टेशन शिकायत दर्ज कराने आई हूं। मैं दुबई से यहां उन्हें ढूंढते हुए आई हूं। मैं उनकी कानूनी रूप से विवाहित पत्नी हूं और चाहती हूं कि पुलिस इस मामले में मेरी मदद करे और उचित कार्रवाई करे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुबई से एक महिला यहां आई हुई हैं। उन्होंने महिला थाने में शिकायत दी है। उनके पति उन्हें छोड़कर यहां आ गए हैं। अपनी बहन या किसी अन्य रिश्तेदार के यहां रह रहे हैं। महिला अपने पति को ढूंढ रही हैं। अभी तक पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई या प्रकरण दर्ज नहीं किया है, क्योंकि यह पति-पत्नी से जुड़ा मामला है। पुलिस से अपने पति को ढूंढने में मदद चाहती हैं।पहले जबलपुर में भी करती रही तलाश-
पुलिस अधिकारियों को महिला अश्विंदर ने बताया कि पहले वह जबलपुर पहुंची और पति की तलाश में इधर से उधर भटकती रही, इस दौरान खबर मिली कि पति सुनील सतना में अपनी बहन के घर आए हैं तो वह यहां पहुंच गई। सतना में भी अपने स्तर पर तलाश की जब कोई जानकारी नहीं मिली तो महिला थाना पहुंचकर पुलिस अधिकारियों को अपनी व्यथा सुनाई।
पत्नी ने कहा, तलाश में इधर से उधर भटक रही हूं-
महिला ने कहा- मैं बहुत परेशान हूं और उन्हें ढूंढने के लिए यहां-वहां भटक रही हूं। मुझे नहीं पता कि वे लोग कहां रह रहे हैं। अगर किसी को उनके बारे में कोई जानकारी है तो कृपया मुझे बताएं। अश्विंदर ने बताया कि वह दुबई में जॉब करती है। पिछले 23 साल से वहीं रह रही है। उसकी पहले भी शादी हुई थी, जिसका तलाक हो चुका है। उसने अपने परिवार और ससुराल वालों को इसकी जानकारी पहले ही दे दी थी।
12 साल छोटा है पति-
महिला अश्विंदर ने बताया कि मेरी उम्र उनसे 12 साल ज्यादा है, इसके बावजूद उन्होंने मुझसे शादी की। मैं नवंबर 2020 से उनके साथ हूं। हमारी शादी 2025 में हुई, लेकिन 2020 से हम दुबई में साथ में रह रहे थे। मुझे मध्यप्रदेश पुलिस और प्रशासन से उम्मीद है कि मुझे न्याय मिलेगा।