नागपुर से जबलपुर आ रहा ट्राला आगे जा रहे ट्रक से टकराया, केबिन में फंसा चालक,
byKhabarAbhiTak-
0
जबलपुर/सिवनी। नागपुर से जबलपुर आ रहा ट्राला बंजारी माता मंदिर लखनादौन के पास आगे जा रहे ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्राला के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं चालक केबिन में फंसा रहा गया, जिसे बाद में गेट तोड़कर निकाला गया। देर रात हुए हादसे के बाद इस रोड पर जाम के हालात निर्मित हो गए थे।
पुलिस के अनुसार नागपुर से ट्रक जबलपुर के लिए रवाना हुए, उसके पीछे ट्राला लेकर चालक विवेक पिता रामचंद निवासी मिर्जापुर यूपी भी निकला। ट्रक जब बंजारी माता मंदिर से लखनादौन की ओर बढ़ रहा था, इस दौरान ट्रक चालक ने ब्रेक मारा तो पीछे से आ रहा ट्राला अनियंत्रित होकर टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्राला के परखच्चे उड़ गए। वहीं चालक विवेक केबिन में ही फंसा रहा गया। दुघटना होते देख राह चलते लोग रुक गए, जिनकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से केबिन का दरवाजा तोड़कर चालक को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन सड़क पर खड़े होने से वन.वे हिस्से में यातायात प्रभावित हुआ। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ समय के लिए आवागमन रोकना पड़ा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्थित कराया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू की।