जबलपुर/दमोह। दमोह के हटा स्थित बनगांव में सनसनीखेज घटनाक्रम सामने आया है। यहां पर आज दोपहर 12 बजे के लगभग अज्जू उर्फ अजय दुबे ने शादीशुदा प्रेमिका वर्षा विश्वकर्मा की गर्दन काटकर हत्या कर दी। इसके बाद कीटनाशक पी लिया। घटना की खबर मिलते ही पुलिस पहुंच गई और अज्जू को पकड़कर जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां पर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर के मेडिकल कालेज रेफर किया गया है। घटना के बाद से गांव में सनसनी फैल गई, देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई थी।
पुलिस के अनुसार बनगांव में रहने वाली महिला वर्षा विश्वकर्मा की शादी हो चुकी है। आज दोपहर 12 बजे के लगभग वर्षा अपने पति के साथ घर के बाहर खड़ी थी। इस दौरान अज्जू आया और वर्षा से कहा कि दो मिनट बात करनी है। वर्षा ने कहा कि क्या बात करनी है। जिससे अज्जू गुस्सा गया और पीछे से बका निकालकर वर्षा की गर्दन पर दनादन वार किए, जिससे वर्षा गिर गई। हमला होते देख पति सहित परिवार के अन्य लोगों में चीख पुकार मच गई। परिजनों ने बचाने की कोशिश की तो बका लेकर मारने के लिए दौड़ा, जिससे परिजन भी पीछे हो गए। देखते ही देखते गांव के लोग एकत्र हो गए। हत्या के बाद अज्जू मौके से भाग निकला और कुछ दूर जाकर कीटनाशक पी लिया। घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने आरोपी अज्जू उर्फ अजय दुबे को पकड़ लिया, जैसे ही पता चला उसने कीटनाशक पिया है तो तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां पर हालत को देखते हुए जबलपुर के मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया।
अस्पताल में आरोपी बोला, दोनों पहले एक साथ मरने की योजना बनाई थी-
जिला अस्पताल पहुंचने पर आरोपी ने हत्या की बात कबूल करते हुए कहा कि दोनों ने पहले से ही एक साथ मरने की योजना बनाई थी। इसी योजना के तहत उसने पहले प्रेमिका की धारदार हथियार से हत्या की और फिर खुद कीटनाशक पी लिया। तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया और अस्पताल ले आई। आरोपी शराब के नशे में था, इसलिए वह ठीक से जानकारी नहीं दे पा रहा था। वह प्रेमिका की कई शादियां होने का दावा भी कर रहा था, जबकि महिला की सिर्फ एक शादी होने की बात सामने आ रही है।
दस वर्ष पहले हो चुकी थी युवती की शादी-
पुलिस को पूछताछ में पति मोनू विश्वकर्मा ने बताया कि 10 साल पहले उसकी वर्षा से शादी हुई थी, उनका एक बेटा भी है, वह छतरपुर जिले के भगवा में रहते हैं। उन्हें प्रेम प्रसंग जैसी किसी भी बात की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि यह बात तो या तो गांव वाले जानते होंगे या मेरी ससुराल की लोग बता सकते हैं।
पति के सामने किया हमला-
पुलिस को पति मोनू विश्वकर्मा ने बताया कि वह अपनी पत्नी वर्षा को लेने के लिए उसके मायके बनगांव आया था। वे जाने के लिए घर के बाहर खड़े थे। तभी अज्जू दुबे आया और दो मिनट बात करने का कहकर वर्षा को साथ चलने कहा। मना करने पर बका निकालकर वार किए।