khabar abhi tak

निकल गयी सड़क पर स्टंट करने वाले की हेकड़ी, पुलिस ने दबोचा, देखें वीडियो

ये है स्टंटबाजी की तस्वीर


जबलपुर।  सोशल मीडिया पर चलती कार की खिड़की से बाहर लटककर स्टंटबाजी करने का वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने सख्त एक्शन लिया है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर डॉ. आयुष जाखड़ और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह के निर्देश पर गठित सोशल मीडिया सेल ने इस फुटेज को पकड़ा। वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश पर माढ़ोताल थाना प्रभारी वीरेन्द्र सिंह पवार ने टीम गठित कर जांच शुरू की। पुलिस ने वीडियो में दिख रही कार एमपी 20 सीई 6620 के जरिए पड़ताल करते हुए स्नेहनगर पटेल मोहल्ला यादव कालोनी निवासी 20 वर्षीय साहिल गोस्वामी को चिन्हित किया। पूछताछ में साहिल ने कबूला कि उसने एक वर्ष पूर्व यह कार खरीदी थी और 2 दिन पूर्व जीरो डिग्री के पास अपने दोस्तों के साथ यह खतरनाक स्टंट किया था।

​पुलिस ने चालान काटकर दी सख्त हिदायत

​माढ़ोताल पुलिस ने स्टंटबाज युवक के खिलाफ त्वरित वैधानिक कार्रवाई करते हुए 3500 रुपये का चालान काटकर जुर्माना वसूला। साथ ही आरोपी को भविष्य में सार्वजनिक सड़क पर कभी भी इस तरह से जान जोखिम में डालकर वाहन न चलाने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने की हिदायत दी। युवक ने भी गलती स्वीकारते हुए आगे से कभी ऐसा कृत्य न करने का लिखित भरोसा दिया। इस पूरे मामले में वाहन और चालक की घेराबंदी कर उसे दबोचने में प्रधान आरक्षक लालजी, प्रतीक बागरी, आरक्षक श्रावण तथा विनय ने सराहनीय भूमिका निभाई। सोशल मीडिया सेल अब जिले भर में इंटरनेट पर अपलोड होने वाली ऐसी तमाम गैरकानूनी गतिविधियों पर लगातार पैनी नजर बनाए हुए है ताकि सड़क पर हुड़दंग मचाने वालों पर तुरंत रोक लगाई जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak