जबलपुर। जबलपुर के बरगी से घुंसौर की ओर अवैध शराब लेकर जा रही बुलेरो गाड़ी को क्षेत्र के युवकों ने पीछा करते हुए रोक लिया। युवकों की भीड़ आते देख चालक गाड़ी से कूदकर भाग निकला। इसके बाद युवकों ने उक्त गाड़ी को पुलिस के हवाले कर दिया। युवकों ने आरोप लगाते हुए कहा कि मेहता की शराब दुकान से देशी और अंग्रेजी शराब बोलेरो में भरकर आसपास के गांवों में बेची जा रही थी।
स्थानीय युवाओं पुलिस को पूछताछ में बताया कि उन्होंने शराब दुकान से बोलेरो में शराब की पेटियां रखते हुए वीडियो बनाया था। इसके बाद युवाओं ने गाड़ी का पीछा किया और उसे मेहता गांव में रोक लिया। युवाओं को गाड़ी रोकते देख ड्राइवर और उसके साथ मौजूद दूसरे लोग वहां से भाग निकले। इसके बाद युवाओं ने पुलिस अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। खबर मिलते ही घंसौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली और उसमें रखी शराब जब्त कर ली। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई भी की और बोलेरो गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है। शराब की कुल मात्रा, उसकी कीमत और गाड़ी से मिली शराब किस तरह की है, इसकी पूरी जानकारी पुलिस की जांच और जब्ती कार्रवाई पूरी होने के बाद सामने आएगी। स्थानीय युवाओं का कहना है कि मेहता की शराब दुकान से आसपास के गांवों और नर्मदा डूब क्षेत्र में शराब पहुंचाने की शिकायतें लंबे समय से मिल रही हैं। उनका आरोप है कि दुकान से शराब लेकर ग्रामीण इलाकों में सप्लाई करने से गांवों में आसानी से शराब मिल रही है। युवाओं ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने और शराब के स्रोत व सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने की मांग की है। पुलिस ने बुलेरो सहित शराब जब्त कर चालक सहित अन्य लोगों की तलाश शुरु कर दी है। जिन्हे पकडऩे के लिए पुलिस की टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि अभी यह पता चला है कि उक्त शराब जबलपुर से बरगी होते हुए घुंसौर लाई गई थी।
Tags
jabalpur