जबलपुर। उड़ीसा मूल की रहने वाली एक विवाहिता ने पैसों की लालच में दूसरा विवाह कर लिया। दूसरा विवाह करने में शामिल उसके रिश्तेदार, परिचित फरार हो गए हैं। मामले की पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस छानबीन कर रही है।
माढ़ोताल पुलिस ने बताया कि सूरतलाई निवासी रोशन विश्वकर्मा ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह 40 वर्ष की आयु का होकर अविवाहित था। अपने लिये एक सभ्य सुशील पत्नी की तलाश कर रहा था। वह अपने माता पिता व परिजनों के साथ जगन्नाथपुरी गया था। वहां पर प्रवीन राठ, जो वहां का ब्राहम्ण होकर शादी विवाह कराने का काम कराता है। इनके द्वारा हम लोगों को 2-3 जगह की लड़कियों की व्हाटसएप फोटो बतायी गयी। रिश्ता नही हुआ। वापस जबलपुर आने पर फोन पर प्रवीन राठ ने सविता, मौसी ममता महीर व मामी झांसी कुमारी से सम्पर्क करवाया। मौसी व मामी के द्वारा सविता राठ का अविवाहित होना तथा मां का देहांत होना बताया। उसके परिवारजनों ने सविता राठ से विवाह करने हेतु सहमति प्रदान की।
30 जुलाई की रात प्रवीन राठ, सविता राठ, ममता महीर व झांसी कुमारी जबलपुर आए। उसके परिवार जनों द्वारा उनकों सूरतलाई वाले मकान पर लेकर गये थे। 31 जुलाई को दोपहर में सूरतलाई के ही पंडित नारायण विलोहा ने उसका एवं सविता राठ का विवाह हिन्दू रीति रिवाज से कराया था। चढ़ावे के रूप में उसके परिजनों ने सोने का मंगलसूत्र, चांदी की पायल सविता राठ को दी थी।ं विवाह के बाद प्रवीन राठ, मौसी ममता महीर व झांसी कुमारी को 1 लाख रूपये नगद, 35 हजार रूपये प्रवीन के खाता में आनलाईन किये थे। रेल किराया 3500 रूपये प्रवीन के खाता में अलग से आनलाईन किये, जिसके बाद प्रवीन राठ, ममता महीर, झांसी कुमारी रात लगभग 9 बजे बस से जबलपुर से रायपुर के लिये निकल गये थे। विवाह होने के 3 दिन तक सविता राठ उसके घर में अच्छे से रही परन्तु विवाह होने के बाद भी सविता राठ ने उसे पत्नी सुख प्रदान नहीं दिया। बहाना बनाती रही, जिसकी गतिविधियों से उसे व उसके परिजनों को शक होने लगा।
4 अगस्त को सविता राठ उसके घर से भागने का प्रयास की तो उसने सविता राठ से भागने का कारण पूछा, जो बतायी कि वह पूर्व से शादीशुदा है। गर्भवती है। पैसों की आवश्यकता होने से उसे प्रवीन राठ, ममता महरी व झांसी कुमारी ने उसे पैसे देने का लालच दिया, जिसके लालच में आकर विवाह किया है। उसके साथ प्रवीन राठ, ममता महीर, झांसी कुमारी, सविता राठ ने धोखाधड़ी करते हुये राशि लेकर फर्जी तरीके से विवाह करने तथा सविता राठ के पूर्व से विवाह की जानकारी नहीं दी गई। लिखित शिकायत जांच पर आरोपी सविता कलसई, प्रवीण, ममता महीर, झांसी कुमारी के विरूद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।