khabar abhi tak

"सदाचार का ताबीज" नाटक से बाल कलाकारों ने खोली भ्रष्टाचार की पोल





जबलपुर। जबलपुर के शक्तिभवन स्थित केंद्रीय ग्रंथालय में मध्यप्रदेश विद्युत परिवार हिंदी समिति द्वारा आयोजित हिंदी प्रश्न मंच प्रतियोगिता में महाकोशल महाविद्यालय के पूर्व हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. अरुण शुक्ल ने मुख्य वक्ता के रूप में विचार रखे। श्री शुक्ल ने कहा कि दुनिया की सैकड़ों भाषाओं पर मंडराते संकट के बीच हिंदी अडिग है, ये गर्व का विषय है। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष फिरोज कुमार मेश्राम ने की। इस दौरान पावर मैनेजमेंट कंपनी के अतिरिक्त मुख्य महाप्रबंधक अनुराग नायक, समिति के उपाध्यक्ष नितिन खत्री, संयोजक दीपक निगम, संचालनकर्ता अंकिता सिंह तथा त्रिलोक सिंह स्मृति पुस्तकालय के पुस्तक प्रदर्शक अजय एवं मनु यादव मौजूद रहे। डॉ. शुक्ल को शॉल, श्रीफल व सम्मान पत्र भेंट किया गया। उन्होंने देश की मुख्य भाषा अपनाने के साथ अन्य प्रचलित शब्दों के सहज प्रयोग पर बल दिया, जबकि मेश्राम ने रोजमर्रा में शुद्ध व सरल अभिव्यक्ति को अनिवार्य बताया।

बाल कलाकारों ने व्यंग्य नाटक का शानदार मंचन किया

​हिंदी महोत्सव के दूसरे दिन विद्युत कंपनियों के कर्मचारियों के लिए आयोजित प्रश्न मंच प्रतियोगिता में 50 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों को 30 मिनट की समय सीमा में हिंदी भाषा और सामान्य ज्ञान पर आधारित 50 वस्तुनिष्ठ प्रश्नों को हल करने का लक्ष्य दिया गया था। कार्मिकों ने इस बौद्धिक स्पर्धा में बढ़-चढ़कर अपनी प्रतिभा दिखाई। आयोजन स्थल पर श्रेष्ठ हिंदी साहित्य और विदेशी भाषाओं के चुनिंदा हिंदी अनुवादों की एक समृद्ध पुस्तक प्रदर्शनी भी सजाई गई, जिसे पाठकों ने खूब सराहा।

अंतिम दिन भाषण स्पर्धा के साथ होगा सम्मान समारोह

​विवेचना थिएटर ग्रुप के बाल कलाकारों ने व्यंग्यकार हरिशंकर परसाई की प्रसिद्ध कृति पर आधारित सदाचार का ताबीज नाटक का सफल मंचन किया। आदित्य रूसिया के निर्देशन और पल्लव शुक्ला के सहयोग से मंचित इस नाटक में इहान भटेले तिवारी, अर्हम जैन, एकाक्ष मरवाहा, हृदयांश चौकसे, रिया पांडे, अर्शवीर सिंह सूरमा और अस्तित्व शुक्ला ने अभिनय कर प्रशासनिक पाखंड व भ्रष्टाचार की विसंगतियों को उजागर किया। महोत्सव का समापन 17 सितंबर को दोपहर 3.00 बजे तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता और पुरस्कार वितरण के साथ होगा। इस अवसर पर अहिंदी भाषी हास्य कलाकार केके नायकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जिन्हें प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak