khabar abhi tak

प्रयागराज से तिरुचानूर के लिए जबलपुर होकर 3 अक्टूबर से चलेगी ट्रेन, तिरुपति जाना होगा आसान

जबलपुर. रेलवे ने पूजा, दीपावली और छठ त्योहारों पर यात्रियों की सुविधा के लिए प्रयागराज और तिरुचानूर के बीच एक सुपरफास्ट त्योहार स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन 3 अक्टूबर से 29 नवंबर 2026 तक दोनों दिशाओं में 9-9 फेरे लगाएगी। ट्रेन संख्या 04109/04110 मानिकपुर, सतना, कटनी, जबलपुर, इटारसी, नागपुर, विजयवाड़ा और रेणिगुंटा होते हुए तिरुचानूर पहुंचेगी।

रेलवे के मुताबिक, इस ट्रेन के चलने से उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के यात्रियों को दक्षिण भारत की यात्रा के लिए बिना ट्रेन बदले सीधे कनेक्टिविटी मिलेगी। खासकर तिरुपति के भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर और तिरुचानूर के श्री पद्मावती अम्मावारी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को इससे काफी सुविधा होगी। इसके अलावा, मैहर, जबलपुर, विजयवाड़ा और दूसरे बड़े धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक भी यात्रियों का पहुंचना आसान हो जाएगा।

ये है समय सारिणी

ट्रेन संख्या 04109 हर शनिवार को प्रयागराज से सुबह 5:20 बजे रवाना होगी। यह मानिकपुर 7:35 बजे, सतना 8:20 बजे, कटनी 9:58 बजे, जबलपुर 10:45 बजे, इटारसी दोपहर 3:30 बजे, नागपुर रात 9:05 बजे और चंद्रपुर रात 11:56 बजे पहुंचेगी। अगले दिन, यह ट्रेन विजयवाड़ा सुबह 8:30 बजे, रेणिगुंटा दोपहर 3:10 बजे पहुंचेगी और रविवार शाम 4:10 बजे तिरुचानूर पहुंचेगी।

वापसी में, ट्रेन संख्या 04110 हर रविवार को तिरुचानूर से रात 11:55 बजे चलेगी। यह रेणिगुंटा, विजयवाड़ा, नागपुर, इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना और मानिकपुर होते हुए मंगलवार सुबह 10:35 बजे प्रयागराज पहुंचेगी।

यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन में 19 आधुनिक एलएचबी कोच लगाए गए हैं। इनमें 5 थर्ड एसी, 8 स्लीपर, 4 सामान्य श्रेणी, एक एसएलआर और एक एसएलआरडी कोच शामिल हैं। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से कहा है कि वे यात्रा से पहले समय-सारणी की ताजा जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 139 या एनटीईएस ऐप का इस्तेमाल करें।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak