जबलपुर। यात्रियों की सुरक्षा एवं उनके सामान की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत जबलपुर मंडल में रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा लगातार सघन जांच एवं निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में गत दिवस आरपीएफ की टीम ने जबलपुर रेलवे स्टेशन पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए यात्रियों के मोबाइल चोरी करने वाले 02 आरोपियों को पकड़ा तथा उनके कब्जे से चोरी के 04 मोबाइल फोन जिसकी अनुमानित कीमत 69,000 रुपये है, बरामद किए।
सघन जांच के दौरान आरपीएफ टीम ने कृष्ण दुबे, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम बमुराहा, थाना अमानगंज, जिला पन्ना तथा हर्ष बर्मन, उम्र 24 वर्ष, निवासी दुर्गा नगर, बर्मन मोहल्ला, तिलवारा, जबलपुर को संदिग्ध गतिविधि के आधार पर पकड़ा। जांच के दौरान उनके पास से यात्रियों के चोरी किए गए मोबाइल फोन बरामद हुए।
आरोपी कृष्ण दुबे के कब्जे से 01 रेडमी मोबाइल एवं 01 वीवो मोबाइल तथा आरोपी हर्ष बर्मन के कब्जे से 01 रियलमी मोबाइल एवं 01 रेडमी मोबाइल बरामद किए गए। इस प्रकार कुल 04 मोबाइल फोन, अनुमानित कीमत 69,000 रुपये की बरामदगी हुई। आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की आईसीजेएस के माध्यम से जांच किए जाने पर उनके विरुद्ध थाना तिलवारा, ग्वारीघाट एवं माढ़ोताल में लूट, चोरी एवं आर्म्स एक्ट से संबंधित कुल 05 प्रकरण दर्ज होना पाया गया।
आरोपियों एवं बरामद मोबाइल फोन को आवश्यक कानूनी कार्रवाई हेतु जीआरपी जबलपुर को सुपुर्द किया गया, जहां प्रकरण सीआर 606/2026, धारा 317(2) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई में एएसआई धीरज, हेड कांस्टेबल प्रेम एवं हेड कांस्टेबल केदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जबलपुर मंडल आरपीएफ द्वारा यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में लगातार सतर्कता और सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
