भोपाल. मध्य प्रदेश में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है. सामान्य प्रशासन विभाग ने 5 सितंबर 2026 को अधिकारियों की नई पदस्थापना और अतिरिक्त प्रभार से जुड़े आदेश जारी किए हैं. आदेश के बाद सागर संभाग के आयुक्त से लेकर राजस्व, महिला एवं बाल विकास, नागरिक आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं और रोजगार गारंटी परिषद जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं. इसके साथ ही जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों समेत राज्य प्रशासनिक सेवा के कई अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं.
सागर संभाग को मिला नया आयुक्त
प्रशासनिक फेरबदल में दिलीप कुमार को सागर संभाग का नया आयुक्त बनाया गया है. वे इससे पहले लघु उद्योग निगम के प्रबंध संचालक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. वहीं सागर के तत्कालीन संभाग आयुक्त अनिल सुचारी को मध्य प्रदेश भंडार गृह निगम, भोपाल का प्रबंध संचालक बनाया गया है.
राजस्व विभाग में भी बदली जिम्मेदारी
अनुभा श्रीवास्तव को प्रमुख राजस्व आयुक्त के पद से हटाकर मध्य प्रदेश शासन के राजस्व विभाग का सचिव बनाया गया है. वहीं निधि निवेदिता को प्रमुख राजस्व आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. इसके साथ ही उन्हें आयुक्त, भू-अभिलेख एवं बंदोबस्त, ग्वालियर का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है.
पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग में बदलाव
आईएएस शैलेंद्र सिंह को आयुक्त-सह-संचालक, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण की जिम्मेदारी से स्थानांतरित कर इसी विभाग का सचिव बनाया गया है. उनके स्थान पर विभागीय स्तर पर नई जिम्मेदारियों का पुनर्विन्यास किया गया है. इनके अलावा संदीप जी.आर. को महिला एवं बाल विकास विभाग में आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है. वहीं अवि प्रसाद को मध्यप्रदेश लोक स्वास्थ्य सेवाएं निगम का प्रबंध संचालक बनाया गया है. मयंक अग्रवाल को मध्य प्रदेश रोजगार गारंटी परिषद का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है. नेहा मारव्या सिंह को अनुसूचित जनजाति वित्त एवं विकास निगम का प्रबंध संचालक बनाया गया है, जबकि अनुराग वर्मा को राज्य नागरिक आपूर्ति निगम का प्रबंध संचालक नियुक्त किया गया है.
उज्जैन स्मार्ट सिटी की जिम्मेदारी नेहा जैन को
नेहा जैन को उज्जैन स्मार्ट सिटी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी और नगर निगम उज्जैन की अपर आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है. सिंहस्थ की तैयारियों के बीच उज्जैन में यह पदस्थापना महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
जिला पंचायतों में भी बड़ा बदलाव
राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की नई पदस्थापनाओं में नरोत्तम प्रसाद भार्गव को हरदा जिला पंचायत का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है. अखिलेश कुमार जैन को धार, सुरभि तिवारी को विदिशा और शैलेंद्र सिंह को दतिया जिला पंचायत की जिम्मेदारी मिली है. वहीं विदिशा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ओमप्रकाश सनौडिया को सिंहस्थ, उज्जैन का अपर मेला अधिकारी बनाया गया है. सपना त्रिपाठी को सतना जिला पंचायत का मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियुक्त किया गया है.
