khabar abhi tak

जबलपुर रेल मंडल ने मानसून में पुलों एवं संवेदनशील स्थानों पर 109 जीपीएस से लैस स्टाफ को किया तैनात

जबलपुर। मानसून के दौरान यात्रियों की सुरक्षित यात्रा एवं ट्रेनों के निर्बाध और सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल द्वारा व्यापक मानसून सुरक्षा तैयारियां की गई हैं। मंडल के सिविल इंजीनियरिंग विभाग द्वारा भारी बारिश, जलभराव, बाढ़, मिट्टी के कटाव एवं अन्य मौसमी चुनौतियों से निपटने के लिए संवेदनशील रेल परिसंपत्तियों पर विशेष निगरानी एवं एहतियाती व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

वर्तमान मानसून सीजन में महत्वपूर्ण/प्रमुख पुलों, कटिंग लोकेशन एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर कुल 109 रेल कर्मचारी  तैनात किए गए हैं। इन कर्मचारियों द्वारा निर्धारित पेट्रोलिंग के माध्यम से विशेष रूप से भारी बारिश के दौरान एवं उसके बाद रेल ट्रैक तथा आसपास के क्षेत्रों की सतत निगरानी की जा रही है।

मॉनसून पेट्रोलमैन एवं स्टेशनरी वॉचमैन द्वारा ट्रैक के धंसने, गिट्टी के बहने या खिसकने, जलभराव, तटबंध के कटाव तथा अन्य संभावित असुरक्षित परिस्थितियों की समय रहते पहचान की जा रही है। पेट्रोलिंग की निगरानी जीपीएस डिवाइस के माध्यम से की जाती है तथा किसी भी असामान्य स्थिति की तत्काल सूचना संबंधित अधिकारियों एवं कंट्रोल कार्यालय को दी जाती है, ताकि आवश्यकता पडऩे पर तुरंत एहतियाती एवं सुधारात्मक कार्रवाई की जा सके।

आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया के लिए परिचालन, सिग्नल एवं दूरसंचार, विद्युत विभागों तथा सिविल प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है। मौसम विभाग, बरगी बांध प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन से भी लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है। किसी भी मौसम संबंधी अलर्ट को तत्काल संबंधित फील्ड यूनिट तक पहुंचाकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।

मंडल के महत्वपूर्ण पुलों पर वॉटर लेवल मॉनिटरिंग सिस्टम के माध्यम से जलस्तर की रियल-टाइम निगरानी की जा रही है। चुनिंदा स्टेशनों पर हवा की गति की निगरानी के लिए एनीमोमीटर लगाए गए हैं। संवेदनशील पुलों, पुलियाओं, तटबंधों एवं कटिंग स्थलों का संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार उनका सुदृढ़ीकरण भी किया गया है।

बारिश के पानी का निर्बाध प्रवाह सुनिश्चित करने के लिए साइड ड्रेन, कैच वाटर ड्रेन, जलमार्ग एवं पुलों के खुले हिस्सों की सफाई तथा गाद निकालने का कार्य सुनिश्चित किया गया है। साथ ही रणनीतिक स्थानों पर गिट्टी, बड़े पत्थर, रेत की बोरियां, स्लीपर, रेल एवं आवश्यक औजार जैसी आपातकालीन सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखी गई है। तेज बारिश एवं तूफान के दौरान इंजीनियरिंग अधिकारियों तथा रख-रखाव टीमों द्वारा चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है।

जबलपुर मंडल की इन व्यापक एवं सक्रिय तैयारियों का उद्देश्य मानसून के दौरान संभावित व्यवधानों को न्यूनतम करते हुए रेल परिचालन की विश्वसनीयता बनाए रखना तथा यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देना है। मंडल द्वारा आधुनिक तकनीक, पर्याप्त मानव संसाधन, सतत निगरानी और विभिन्न विभागों के प्रभावी समन्वय के माध्यम से मानसून में सुरक्षित, संरक्षित एवं सुचारू ट्रेन संचालन सुनिश्चित करने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak