जबलपुर। साइबर ठगों ने पनागर में रहने वाले एपीएआर इंडस्ट्रीज लिमिटेड में असिस्टेंट मैनेजर और उसके परिजनों के खाते खाली कर दिए। तीन दिनों के भीतर परिवार को इसकी जानकारी नहीं मिली और पैसे धड़ाधड़ निकलते गए। इस मामले की पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
पनागर पुलिस ने बताया कि चंदन कॉलोनी में रहने वाले शेष नारायण सोनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह एपीएआर इंडस्ट्रीज लिमिटेड में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत है। 29 जुलाई को दोपहर उसकी पत्नी नेहा सोनी के खाते से चलने वाले गूगल पे के मोबाइल नम्बर से उसकी मां सकुन सोनी के बैंक आफ इंडिया के खाता से लिंक गूगल पे के मोबाइल नम्बर पर 30 हजार रूपये किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा आनलाईन ट्रांजेक्शन किये गये। उसकी मां सकुन सोनी के खाते से कुल 60 हजार रूपये निकाल लिये गये। इसके अलावा उसके आईसीआईसीआई बैंक के खाता से 96 हजार 123 रूपये किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा आनलाईन निकाल लिये। इस तरह किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा तीन दिनों के भीतर उसके परिजनों के बैंक खातों से कुल 1 लाख 56 हजार 123 रूपये धोखाधड़ी करते हुये आनलाईन निकाल लिये।