रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने सेंट जोसफ, सेंट गैब्रियल और कन्या शाला के आसपास छुट्टी के समय चेकिंग लगाकर कई युवकों को पकड़ा। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की, जबकि कुछ युवकों को मौके पर ही समझाइश देकर उठक-बैठक लगवाई। टीआई के मुताबिक, दोपहर में गर्ल्स स्कूलों की छुट्टी होते ही स्कूलों के आसपास युवकों की भीड़ जमा होने की शिकायतें मिल रही थीं। इससे छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था और स्थानीय लोगों ने भी पुलिस से शिकायत की थी। टीआई गोल्हानी ने बताया कि गर्ल्स स्कूलों की छुट्टी के समय छात्राओं के आसपास बाइक से घूमने वाले मनचलों पर अब पुलिस की नजर रहेगी। जबलपुर एसपी संपत उपाध्याय के निर्देश पर जिले के स्कूलों के आसपास सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। पुलिस टीम ऐसे युवकों पर नजर रखेगी, जो तेज रफ्तार बाइक चलाकर स्कूलों के आसपास मंडराते हैं या छात्राओं को परेशान करते हैं। रांझी और चरगंवा थाना पुलिस ने अभियान की शुरुआत करते हुए स्कूलों के बाहर कार्रवाई भी की है।
चरगंवा थाना पुलिस ने भी पकड़े कई मनचले-
इसी तरह चरगंवा थाना पुलिस ने भी स्कूलों के बाहर कार्रवाई की। टीआई सरोजनी चौकसे ने बताया कि स्थानीय लोगों और छात्राओं के परिजनों की शिकायतों को देखते हुए पुलिस सुबह और दोपहर स्कूल खुलने व छुट्टी के समय आसपास तैनात रहेगी। पुलिस ऐसे युवकों पर नजर रखेगी, जो छात्राओं से छेडख़ानी या उन्हें परेशान करते हैं। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि स्कूलों के आसपास इस तरह की गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाई जाए और शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।