जबलपुर। यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार मंगलवार 18 अगस्त को जबलपुर स्टेशन पर व्यापक पेयजल गुणवत्ता जांच अभियान चलाया गया।
प्रमुख मुख्य चिकित्सा निदेशक, पश्चिम मध्य रेलवे, जबलपुर एवं डॉ. शैलेन्द्र दीक्षित, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जबलपुर के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग एवं इंजीनियरिंग विभाग की संयुक्त टीम द्वारा स्टेशन परिसर में उपलब्ध पेयजल सुविधाओं का विस्तृत निरीक्षण एवं गुणवत्ता परीक्षण किया गया।
अभियान के दौरान स्टेशन के विभिन्न वाटर कूलर एवं वाटर स्टैंड से पेयजल के नमूने एकत्रित किए गए, जिन्हें आवश्यक गुणवत्ता जांच के लिए भेजा गया। इसके साथ ही मौके पर पेयजल में अवशिष्ट क्लोरीन (Residual Chlorine) एवं TDS (Total Dissolved Solids) की जांच की गई।संयुक्त टीम द्वारा स्टेशन स्थित फिल्टर प्लांट का भी निरीक्षण किया गया तथा पेयजल शुद्धिकरण एवं आपूर्ति व्यवस्था की कार्यप्रणाली का जायजा लिया गया। अधिकारियों द्वारा पेयजल स्रोतों, फिल्ट्रेशन व्यवस्था एवं संबंधित उपकरणों की स्वच्छता तथा रखरखाव की स्थिति की भी जांच की गई।
रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों के स्वास्थ्य एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्टेशनों पर स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से इस प्रकार के निरीक्षण एवं गुणवत्ता जांच अभियान चलाए जा रहे हैं।

