छिन्दवाड़ा. एमपी के छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म में कार घुसने का अजीबोगरीब मामला सामने आया है. यहां रेलवे स्टेशन पर गुरुवार की देर रात तब अफरा-तफरी मच गई, जब प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर अचानक एक कार आ पहुंची. प्लेटफार्म पर कार को देख यात्री भी हैरान रह गए. इस दौरान कार का एक टायर प्लेटफॉर्म के किनारे लटक गया. आनन-फानन में यात्रियों और आरपीएफ ने कार को खींचा और प्लेटफॉर्म के बाहर किया, वरना ट्रेन आने पर बड़ी घटना हो सकती थी.
कार को प्लेटफॉर्म पर आता देख आरपीएफ जवान तेजी से दौड़े, इस दौरान ड्राइवर घबरा गया और कार का पहिया प्लेटफॉर्म किनारे फंसा बैठा. गनीमत रही कि उस समय कोई ट्रेन वहां नहीं आ रही थी. आरपीएफ थाना प्रभारी उषा बिसेन ने बताया, शंकर नगर, लोनिया करबल के अजय कुमार ने कार क्रमांक एमपी 28 जेडएच 5279 चलाते हुए प्लेटफार्म क्रमांक-1 के अंदर पहुंचा दी. कार चालक ने पूछताछ में बताया है कि वह पार्सल बुकिंग ऑफिस की ओर जा रहा था, पर कार प्लेटफॉर्म पर आ जाएगी, उसे इस बात का अंदाजा नहीं था. आरपीएफ ने ड्राइवर से पूछताछ के बाद मामला दर्ज कर फिलहाल उसे छोड़ दिया है.
हो सकता था हादसा, कई धाराओं में मामला दर्ज
आरपीएफ के मुताबिक अगर इस दौरान कोई ट्रेन आ रही होती तो बड़ा हादासा हो सकता था क्योंकि कार का एक पहिया ट्रैक नंबर 1 की ओर उतर गया था. आरपीएफ ने रेल अधिनियम की धाराओं 153, 147, 159, 146 और 145 के तहत मामला दर्ज किया है. यात्रियों की सुरक्षा को खतरे में डालने, अनधिकृत प्रवेश, उचित निर्देशों की अवहेलना, रेलवे सेवक के कार्य में बाधा डालने और न्यूसेंस सहित अन्य आरोपों में कार्रवाई की जा रही है.
प्लेटफॉर्म के लिए ऐसा रास्ता खतरनाक
मौके पर मौजूद आरपीएफ कॉन्स्टेबल ने बताया, पार्सल ऑफिस से प्लेटफार्म पर लगेज ले जाने के लिए एक ही रास्ता बना हुआ है. कार चालक पार्सल ऑफिस जा रहा था तभी वह प्लेटफॉर्म पर कार लेकर आ गया. वहीं, यात्रियों ने कहा कि छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म का ये रास्ता खतरनाक है. इस तरह किसी फोर व्हीलर का प्लेटफॉर्म पर सीधे आ जाना भविष्य के लिए खतरनाक साबित हो सकता है.
