जबलपुर/भोपाल. आगामी छात्रसंघ चुनाव को लेकर कांग्रेस ने संगठन स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अलग-अलग जिलों और संभागों के लिए 13 चुनाव प्रभारी नियुक्त किए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देश पर संगठन प्रभारी महासचिव डॉ. संजय कामले ने यह नियुक्तियां की हैं।
13 समूहों में बांटे गए जिले
कांग्रेस की ओर से जारी पत्र के मुताबिक, भोपाल की जिम्मेदारी प्रकाश चौकसे को दी गई है। जबलपुर के प्रभारी विजय रजक. इंदौर के प्रभारी अमन बजाज और ग्वालियर के प्रभारी हेवरन कसाना बनाए गए हैं। रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज और मैहर की जिम्मेदारी मंजुल त्रिपाठी को सौंपी गई है। सागर, दमोह, पन्ना, छतरपुर, निवाड़ी और टीकमगढ़ के प्रभारी अक्षय दुबे होंगे।
इन जिलों में भी तय किए गए प्रभारी
शहडोल, उमरिया और अनूपपुर की जिम्मेदारी अजय यादव को दी गई है। जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट, मंडला और डिंडोरी के प्रभारी विजय रजक बनाए गए हैं। नर्मदापुरम, हरदा और बैतूल के लिए मयूर जायसवाल को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं भिंड, मुरैना और श्योपुर में सचिन त्रिवेदी संगठन का काम देखेंगे।
मालवा-निमाड़ के जिलों की भी जिम्मेदारी तय
रायसेन, राजगढ़, सीहोर और विदिशा की जिम्मेदारी अर्पित उपाध्याय को दी गई है। शिवपुरी, गुना, अशोकनगर और दतिया के प्रभारी सौरभ यादव होंगे। धार, झाबुआ, अलीराजपुर, खरगोन, बड़वानी, खंडवा और बुरहानपुर में दीपक उईके को प्रभारी बनाया गया है। उज्जैन, देवास, आगर-मालवा, शाजापुर, रतलाम, मंदसौर और नीमच की जिम्मेदारी डॉ. विजय बोधमा को सौंपी गई है।
छात्रसंघ चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाएंगे प्रभारी
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी नवनियुक्त प्रभारियों से आगामी छात्रसंघ चुनाव की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने को कहा है। पत्र में प्रभारियों से संबंधित क्षेत्रों में छात्रसंघ चुनाव से जुड़े छात्रों को पूरा सहयोग देने और पार्टी के दायित्वों का सक्रियता से निर्वहन करने की अपेक्षा की गई है। कांग्रेस की यह नियुक्तियां ऐसे समय हुई हैं, जब प्रदेश में छात्र राजनीति को लेकर गतिविधियां बढऩे लगी हैं। माना जा रहा है कि जिला स्तर पर प्रभारियों की तैनाती के जरिए पार्टी छात्र संगठनों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश करेगी।
