शिवपुरी. मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के पिछोर में अपनी मांग पूरी कराने के लिए एक छात्र पानी की टंकी पर चढ़ गया. गुरुवार दोपहर भौती मनपुरा निवासी युवक दिनेश सगर एसडीएम कार्यालय के सामने बनी पानी की टंकी पर चढ़ा था. शुक्रवार सुबह 11 बजे तक करीब 24 घंटे बाद भी युवक टंकी से नीचे नहीं उतरा. पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार उसे समझाकर सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास कर रही है.
जागरूकता यात्रा की अनुमति नहीं मिलने से नाराज
दिनेश सगर ने 19 अगस्त को पिछोर एसडीएम को आवेदन देकर पिछोर विधानसभा क्षेत्र में 22 दिवसीय शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक परिवर्तन जागरूकता यात्रा निकालने की अनुमति मांगी थी. युवक के अनुसार यह यात्रा 20 अगस्त से शुरू होनी थी, लेकिन अनुमति को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने पर वह नाराज हो गया. जिसके बाद गुरुवार दोपहर वह एसडीएम कार्यालय पहुंचा और अपनी मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गया. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने उसे नीचे उतरने के लिए काफी समझाया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ा रहा.
गांव-गांव जागरूकता फैलाने का दावा
टंकी पर चढ़े युवक दिनेश सगर का कहना है कि प्रस्तावित यात्रा का उद्देश्य गांव-गांव जाकर युवाओं और विद्यार्थियों को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक परिवर्तन के प्रति जागरूक करना है. युवक का दावा है कि यात्रा के दौरान ऐसा कोई काम नहीं किया जाना है, जो कानून के खिलाफ हो. बताया जा रहा है कि युवक के पास पेट्रोल से भरी बोतल भी थी. इसके चलते प्रशासन और पुलिस की चिंता बढ़ गई. देर रात तक अधिकारियों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे नहीं उतरा.
युवक को नीचे उतारने का प्रयास
वहीं मामले में पिछोर एसडीएम ममता शाक्य ने में बताया कि युवक ने करीब 25 दिनों तक स्कूलों, अस्पतालों, आंगनबाड़ी केंद्रों सहित अन्य शासकीय संस्थानों के निरीक्षण की अनुमति मांगी थी. प्रशासन ने इस तरह के निरीक्षण की अनुमति देने से स्पष्ट रूप से इनकार कर दिया था. अनुमति नहीं मिलने के बाद युवक प्रशासन पर अपनी मांग स्वीकार करने का दबाव बना रहा था. इसी मांग को लेकर वह पानी की टंकी पर चढ़ गया. प्रशासन की ओर से युवक को समझाकर सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास किए जा रहे हैं.
