जबलपुर/सतना. पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल अंतर्गत सतना -मानिकपुर रेलखंड पर खुटहा-चितहरा के बीच भारी बारिश से रेलवे ट्रैक किनारे मिट्टी का कटाव हो गया। रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग ने क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत की। कटाव रोकने के लिए बोरियों में मिट्टी भरकर लगाई गई और बीओबीवाईएन मशीन से गिट्टी डालकर ट्रैक को मजबूत किया गया। यहां पर ट्रेनों को अभी भी कॉशन ऑर्डर पर चलाया जा रहा है.
बताया जाता है कि मरम्मत कार्य के लिए रेलवे ने खुटहा-चितहरा के बीच करीब डेढ़ घंटे का ब्लॉक लिया। इस दौरान बीओबीवाईएन मशीन का उपयोग कर ट्रैक किनारे गिट्टी डाली गई। बारिश के कारण ट्रैक पर पानी आने के बाद से ही इस हिस्से में विशेष सतर्कता बरती जा रही थी।
शनिवार को 24 यात्री ट्रेनें प्रभावित हुई थीं
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, बारिश के मौसम में ट्रैक की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी की जा रही है। इसका उद्देश्य जलभराव या कटाव जैसी किसी भी स्थिति में तत्काल सुधार कार्य करना है। इससे पहले, शनिवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश के कारण सुबह करीब 5 बजे से सिग्नल में समस्या आने लगी थी। ट्रैक पर पानी भरने के कारण रेलवे ने सुबह 9 बजे से 10:30 बजे तक अप-डाउन ट्रेनों का परिचालन रोक दिया था, जिससे दोनों दिशाओं की लगभग 24 ट्रेनें प्रभावित हुई थीं।
रेलवे ने पेट्रोलिंग बढ़ाई, पुल-पुलियों पर लगातार नजर
कटाव वाले हिस्से में मरम्मत और गिट्टी डालने का काम पूरा होने के बाद रेलवे ने पटरी के आसपास के हिस्से को मजबूत कर दिया है। बारिश की स्थिति को देखते हुए संवेदनशील हिस्सों पर निगरानी भी बढ़ा दी गई है।
