जबलपुर। मदनमहल-दमोहनाका फ्लाईओवर में बुधवार देर रात एक स्कूटर सवार असंतुलित होकर नीचे जा गिरा। स्कूटर सवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कर ली है। कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि देर रात एक बजे के आसपास फ्लाईओवर से एक स्कूटर सवार युवक सर्विस रोड पर गिर गया था। मौके से गुजरने वाले लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी। मौके पर पुलिस ने पहुंचकर मृतक की पहचान प्रमोद दास के रूप में की है। मृतक मदन महल का रहने वाला था। वह पिछले 15-20 वर्षों से करोंदा नाला बायपास स्थित एक शराब दुकान में काम कर रहा था।
मृतक के बड़े भाई प्रदीप कुमार दास ने पुलिस को बताया कि रात लगभग 1 बजे जब प्रमोद घर नहीं पहुंचे तो उन्होंने उन्हें फोन लगाया। लेकिन फोन नहीं उठा। परिजनों ने सोचा कि शायद वे वाहन चला रहे होंगे, इसलिए कॉल रिसीव नहीं हो पा रही है। इसके लगभग 10-15 मिनट बाद जब भतीजे ने दोबारा कॉल किया तो राहगीरों-पुलिस ने फोन उठाया और घटना की जानकारी दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया था कि देर रात पानी गिर रहा था, हादसा इतना भयानक था कि दुर्घटना के समय युवक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ब्रिज के ऊपर से सीधे नीचे जा गिरा। मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। दुर्घटना स्थल पर वाहन के परखच्चे बिखर गए जिसमें गाड़ी का नंबर एमपी 20 एसपी 5066 दर्ज था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
