जबलपुर। वोकल फॉर लोकल केवल नारा नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का राष्ट्रीय संकल्प है। यह बात मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने भोपाल के मानसरोवर सभागार में कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के राज्य स्तरीय व्यापारी सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों, छोटे व्यापारियों, कारीगरों एवं उद्यमियों को प्रोत्साहित करने में प्रत्येक व्यापारी और नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।
कैट के राष्ट्रीय महासचिव एवं चांदनी चौक सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि व्यापारिक संगठनों को भी व्यापारियों की समस्याओं के समाधान एवं स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभानी होगी। कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीसी भरतिया ने आव्हान किया कि व्यापारिक संगठन इस अभियान को जन-जन तक पहुंचा। कैट मध्यप्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र जैन ने कहा कि मध्यप्रदेश के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने के लिए कैट निरंतर प्रयास करेगा।
राज्य स्तरीय सम्मेलन में जबलपुर से कैट प्रदेश महामंत्री जितेंद्र पचौरी, प्रदेश संरक्षण संदेश जैन, कैट संभाग अध्यक्ष दीपक सेठी, जबलपुर जिला अध्यक्ष राजीव बड़ेरिया, कैट जबलपुर सदस्य तरुण अग्रवाल एवं कैट राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर महिला विंग सीमा सिंह चौहान ने सहभागिता की।

