khabar abhi tak

पटाखा गोदाम में हुआ ब्लास्ट, भीषण धमाके में 7 की मौत, बचाव अभियान जारी

कौशांबी. उत्तर प्रदेश के कौशांबी में सोमवार सुबह पटाखा गोदाम में हुए भीषण विस्फोट से पूरा इलाका दहल गया. धमाका कौशांबी और प्रयागराज बॉर्डर पर थाना पिपरी और पूरामुफ्ती क्षेत्र की सीमा के पास हुआ. बताया जा रहा है कि यहां आदित्य नाम से पटाखा गोदाम संचालित किया जा रहा था. विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए और कुछ घर पूरी तरह ध्वस्त हो गए.

हादसा सोमवार सुबह करीब 11 बजे हुआ. धमाके के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई. स्थानीय लोगों के मुताबिक, विस्फोट की आवाज करीब 2 किलोमीटर तक सुनाई दी. धमाके के बाद कई लोग मलबे में दब गए और कई लोगों के झुलसने की सूचना सामने आई.

शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे में 7 लोगों की मौत की खबर है. हालांकि, घटना के शुरुआती समय में प्रशासन की ओर से मृतकों और घायलों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी. राहत और बचाव दल लगातार मलबा हटाकर लोगों को बाहर निकालने में जुटे हैं.

मलबे में दबे लोगों को निकालने की कोशिश

घटना की सूचना मिलते ही कौशांबी और प्रयागराज दोनों जिलों के अधिकारी मौके पर पहुंच गए. डीएम और एसपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं. कई थानों की पुलिस फोर्स को भी मौके पर तैनात किया गया है. आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए. मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका के कारण राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है. स्थानीय लोग भी मलबा हटाने में मदद कर रहे हैं. विस्फोट वाली जगह पर अभी भी पटाखे फटने की सूचना है. इसके कारण राहत कर्मियों और स्थानीय लोगों को घटनास्थल के आसपास जाने में परेशानी हो रही है. दमकल की कई गाडिय़ां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी हैं.


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak