शहडोल. कोरोना काल से बंद पड़ी गाड़ी संख्या 18233/18234 बिलासपुर-इंदौर नर्मदा एक्सप्रेस अब एक बार फिर वेंकटनगर रेलवे स्टेशन पर रुकेगी। शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह के निरंतर प्रयासों के बाद रेल मंत्रालय ने इस ठहराव को पुन: अपनी स्वीकृति दे दी है।
बिलासपुर-कटनी रेल खंड के अंतर्गत आने वाला वेंकटनगर एक महत्वपूर्ण व्यावसायिक केंद्र है, और नर्मदा एक्सप्रेस के यहां रुकने से स्थानीय व्यापारियों, किसानों और आम यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
5 सितंबर को जनता दिखाएगी हरी झंडी
आगामी 5 सितंबर को इस ठहराव का औपचारिक शुभारंभ किया जाना है, जो जन-भागीदारी की एक अनूठी मिसाल बनेगा। दरअसल, इस ऐतिहासिक अवसर पर सांसद हिमाद्री सिंह क्षेत्र में उपस्थित नहीं रहेंगी, इसलिए उनके स्थान पर स्थानीय ग्रामीण, व्यापारी और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि ही ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
