जबलपुर। रानी अवंती बाई लोधी सागर परियोजना बरगी बांध में बढ़ते जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने 20 अगस्त गुरुवार को दोपहर 12 बजे जल निकासी बढ़ाने का फैसला किया है। इसके अंतर्गत बांध के 4 नए जल द्वार खोलकर कुल 13 गेटों को 2.15 मीटर की औसत ऊंचाई पर खोला जाएगा। इस व्यवस्था के बाद बांध से पानी की निकासी 1031 क्यूमेक से बढ़ाकर 3988 क्यूमेक हो जाएगी। भारी मात्रा में जल प्रवाह छोड़े जाने से मां नर्मदा नदी के विभिन्न घाटों पर जल स्तर 8 से 10 फीट तक ऊपर उठने की संभावना है। परियोजना प्रशासन ने संभावित खतरे को भांपते हुए यह त्वरित कदम उठाया है। वर्तमान में बांध के 9 गेट खुले हुये हैं।
सुबह दर्ज हुआ बांध का नया जलस्तर
गुरुवार सुबह 8 बजे के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार जलाशय का जलस्तर 421.15 मीटर दर्ज हुआ था। उस दौरान कैचमेंट क्षेत्र से जलाशय में पानी की आवक 1761 क्यूमेक मापी गई। इस स्थिति से पहले केवल 9 गेट 0.78 मीटर औसत ऊंचाई पर खुले रखे गए थे, जिनसे पानी की सीमित निकासी हो रही थी। पानी के बढ़ते दबाव को संतुलित करने के उद्देश्य से अतिरिक्त जल द्वारों को तुरंत प्रभाव से चालू किया गया।
नदी तटों से दूर रहने की अपील
नर्मदा के बहाव क्षेत्र में अचानक पानी की बढ़ोतरी को देखते हुए परियोजना प्रशासन ने आम नागरिकों और श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा निर्देश जारी किए हैं। निचले इलाकों के रहवासियों को सतर्क करते हुए घाटों से उचित दूरी बनाए रखने को कहा गया है। प्रशासनिक अमला तटीय बस्तियों में लगातार निगरानी बनाए हुए है ताकि बहाव तेज होने पर किसी भी अप्रिय स्थिति से सुरक्षित बचा जा सके।
