पुलिस को शिकायत देते हुए पीडि़त दिनेश विश्वकर्मा निवासी ग्राम बांसा दमोह ने बताया कि दलालों ने 1.70 लाख रुपए नकद व 2.40 लाख रुपए के जेवर लेकर जबलपुर के रांझी क्षेत्र में रहने वाली खुशबू राजपूत से उसकी शादी कराई थी। शादी के महज तीन दिन बाद खुशबू राजपूत को महिला मालती पटेल दुल्हन को अपने साथ ले गई, जिसके बाद वे वापस नहीं लौटे। काफी दिन तक घर न लौटने पर दिनेश ने जब खुशबू से संपर्क करना चाहा तो उसका मोबाइल फोन बंद मिला। यहां तक कि उसके तथाकथित रिश्तेदारों के फोन भी स्विच ऑफ हो गए। इसके बाद पुलिस ने मामले में जांच की तो कुछ और तथ्य निकलकर सामने आए, जिसपर पुलिस ने खुशबू राजपूत को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके साथियों नर्मदा पटेल व मालती पटेल को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस को यह भी पता चला है कि मुख्य आरोपी खुशबू राजपूत राजस्थान के कोटा समेत अन्य स्थानों पर भी करीब तीन लोगों से फर्जी शादी कर ठगी कर चुकी है। पुलिस ने आरोपी के पास से 77,000 रुपए नकद और 3 मोबाइल जब्त किए हैं।
कई लड़कियों के पहचान पत्र मिले-
पुलिस को मामले में गिरफ्तार मालती पटेल के मोबाइल फोन से कई लड़कियों के पहचान पत्र भी मिले है, जिससे एक बड़े गिरोह के शामिल होने की आशंका है। पुलिस का कहना है कि इस मामले का एक अन्य आरोपी नीरज पटेल अभी पन्ना जेल में न्यायिक हिरासत में बंद है।