जबलपुर। आयुक्त खाद्य सुरक्षा प्रशासन और जबलपुर कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के निर्देश पर जिला प्रशासन तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के दल ने शहर में बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता के नेतृत्व में जांच टीम ने बुधवार रात से गुरुवार तक मल्टी ब्रांड स्टोर्स, डेयरी और पिज्जा सेंटर्स पर अचानक छापेमारी की। इस दौरान मिलावट की आशंका में कुल 215 किलो घी और 25 किलो पनीर जब्त किया गया, जिसकी कुल कीमत 1.54 लाख रुपये है। टीम ने तिलहरी और विजय नगर स्थित डी मार्ट, तिलहरी के ब्लिंकिट स्टोर, ग्वारीघाट व रसल चौक के डोमिनोज पिज्जा, सिविक सेंटर के गोविंदा पिज्जा, निवाडगंज की शिवम डेयरी तथा विजय नगर की राजा डेयरी में ताबड़तोड़ जांच की और सैंपल एकत्र किए।
नामी स्टोर्स से जब्त हुआ संदिग्ध खाद्य सामान
शहर के नामी शॉपिंग आउटलेट्स पर हुई इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया। खाद्य सुरक्षा दल ने डी मार्ट के तिलहरी और विजय नगर स्थित आउटलेट्स में पड़ताल के दौरान मिलावट के संदेह में 200 किलो श्रीधी घी को तुरंत जब्त कर लिया। इस जप्त किए गए घी का बाजार मूल्य 1.40 लाख रुपये आंका गया है। इसके साथ ही अधिकारियों ने गुणवत्ता जांच के लिए मौके से नमूने भी एकत्र किए। इसी तरह तिलहरी स्थित ब्लिंकिट स्टोर पर कार्रवाई करते हुए टीम ने 14 हजार रुपये मूल्य का 15 लीटर गोवर्धन काऊ घी जब्त कर अपने कब्जे में लिया। जांच दल की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से मिलावटखोरों और बिना गुणवत्ता जांच के सामान बेचने वाले विक्रेताओं में खलबली मच गई है।
पिज्जा सेंटर और डेयरियों से लिए नमूने
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने खान-पान के प्रसिद्ध ठिकानों और डेयरियों पर भी शिकंजा कसा। टीम ने ग्वारीघाट और रसल चौक स्थित डोमिनोज पिज्जा सेंटर्स की रसोई का निरीक्षण किया तथा वहां इस्तेमाल हो रहे पनीर के सैंपल लिए। इसके बाद सिविक सेंटर स्थित गोविंदा पिज्जा सेंटर से भी पनीर का नमूना संग्रह किया गया। डेयरी उत्पादों की शुद्धता परखने के उद्देश्य से निवाडगंज स्थित शिवम डेयरी पर छापा भरकर संदेह के आधार पर 25 किलो पनीर जब्त किया गया। साथ ही विजय नगर स्थित राजा डेयरी से भी पनीर के नमूने लिए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई के दौरान एकत्र किए गए सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

