जबलपुर. वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ (डबलूसीआरएमएस) के जबलपुर मंडल में बड़ा बदलाव हुआ है। पिछले 15 दिनों से रिक्त मंडल सचिव के महत्वपूर्ण पद पर कटनी के एसएन शुक्ला को जिम्मेदारी दी गई है, जबकि दूसरे अहम पोस्ट मंडल अध्यक्ष पर भी कटनी (एनकेजे) ने बाजी मारी है, इस पद पर संतोष यादव को नियुक्त किया है। इस नियुक्ति से चर्चा है कि अब पमरे मुख्यालय, मंडल मुख्यालय पर कटनी भारी पड़ चुका है.
विदित हो कि गत 30 जून को मंडल सचिव रहे लोकप्रिय मजदूर नेता डीपी अग्रवाल सेवानिवृत्त हो चुके थे. जिसके बाद मंडल सचिव का पद नियुक्त चल रहा था. इस पद पर कई बड़े नामों की चर्चा जोरों पर थी, किंतु इस पद पर एसएन शुक्ला को नियुक्त कर सभी दावेदारों को निराश कर दिया है. वहीं एनकेजे में पोस्टेड संतोष यादव अब मंडल अध्यक्ष होंगे. ये नियुक्ति जोनल महामंत्री अशोक शर्मा व अन्य पदाधिकारियों की सहमति से की गई. दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों की नियुक्ति पर संघ कार्यालय में जश्न का माहौल रहा. वहीं कटनी-एनकेजे में भी उनके समर्थकों द्वारा जमकर जश्न मनाया गया. किंतु जबलपुर में कुछ कार्यकर्ता-पदाधिकारी निराश दिखे. हालांकि वे खुलकर विरोध नहीं कर रहे थे, लेकिन उनका मानना था कि जबलपुर जैसे महत्वपूर्ण स्थान जहां मंडल मुख्यालय व जोनल मुख्यालय हैं, यहां के किसी पदाधिकारी को मंडल सचिव या मंडल अध्यक्ष नियुक्त किया जाता तो बेहतर होता.
