महाप्रबंधक की बैठक में रेल कर्मचारियों की दर्जनों समस्याओं पर हुआ मंथन
जबलपुर। वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ के पदाधिकारी द्वारा पमरे प्रशासन के समक्ष कर्मचारी हितों की मांगें उठाई गयीं और उन्हें निराकरण तक पहुंचाने के लिए पुरजोर आवाज उठायी गई। संघ के अध्यक्ष सीएम उपाध्याय एवं महामंत्री अशोक शर्मा ने 15 एवं 16 जुलाई 2026 को आयोजित महाप्रबंधक पीएनएम बैठक में रेल कर्मचारियों से जुड़ी दर्जनों महत्वपूर्ण समस्याओं को महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह के समक्ष प्रमुखता से रखा। इस दो दिवसीय बैठक के पहले दिन वेस्ट सेन्ट्रल रेलवे मजदूर संघ पदाधिकारियों ने मेडिकल डी कैटेगरीईज्ड, दयाधार नियुक्ति, महिला ट्रैक मेंटेनर्स का कैडर परिवर्तन, ट्रैक मशीन में 25 प्रतिशत एलडीसी कोटा, म्युचुअल ट्रांसफर और लंबित पदस्थापना जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में संरक्षा कैटेगरी के स्टाफ को साप्ताहिक रेस्ट देने, टीटीई रेस्ट हाउस की स्थिति सुधारने और एसी सुविधा उपलब्ध कराने सहित अन्य कर्मचारी हितैषी निर्णयों पर सहमति बनी। इस दौरान कार्यकारी अध्यक्ष बी.एल. मिश्रा, मंडल अध्यक्ष आर.के. शर्मा, महेंद्र सिंह खींची, संतोष यादव, मंडल सचिव एस.एन. शुक्ला, अब्दुल खालिक, कमलेश परिहार, कोषाध्यक्ष एम.एस. पुरी, संदीप श्रोती, सतीश कुमार, पी.सी. मीना, नवीन ताजी, अनिल सैनी, डी.के. शर्मा, संतोष चतुर्वेदी, ओ.पी. शर्मा, सविता त्रिपाठी, पुष्पलता पाठक, निशा माल्य, सिया पचौरी, अनुरुद्ध सोनी, आर.सी. मीना, प्रीतम तिवारी, सज्जन कुमार और पंकज कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
सुविधाओं के विस्तार पर हुआ निर्णायक मंथन
महाप्रबंधक के साथ हुई चर्चा में श्वेतांबरी रेस्ट हाउस में कमरों की उपलब्धता और स्थिति सुधारने, इटारसी में नए टीटीई रेस्ट हाउस के निर्माण, कोटा में एसी शेड बनाने और भोपाल में एपीएसओ का पद सृजित करने की मांग स्वीकार की गई। इसके साथ ही कार्यस्थलों पर बेहतर सुरक्षा जूते, रनिंग स्टाफ के ओवर हॉवर्स काम की समस्या, एसएंडटी स्टाफ की कार्यदशा में सुधार और ओटी अलाउंस की पर्याप्त राशि पर सकारात्मक चर्चा हुई। बैठक में यह भी तय किया गया कि वर्कशॉप की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा और जीडीसीई/एलडीसी परीक्षाएं समय पर आयोजित होंगी। स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत अकस्मात रेफरल सुविधा, जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता और डिस्पेंसरी व महाप्रबंधक कार्यालय में एसी लगाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
सुरक्षा मानकों और कार्यदशा पर विशेष जोर
रेलवे में बेहतर कार्यसंस्कृति के लिए अब्दुल्लागंज में इंजीनियरिंग डिपो, क्वार्टर्स का उचित रखरखाव, सफाई व्यवस्था में सुधार, धूल प्रदूषण नियंत्रण के लिए इंडस्ट्रियल एग्जास्ट सिस्टम और फिजियोथेरेपिस्ट के रिक्त पद को भरने पर भी सहमति बनी है। संघ ने स्पष्ट स्थानांतरण नीति, दमोह व निवास रोड रनिंग रूम के प्रबंधन और स्पोर्ट्स खिलाड़ियों को समय पर रिलीव करने का मुद्दा उठाया। आगरा जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा मानकों को और अधिक मजबूत करने पर चर्चा की गई। बैठक में बिजली उपकरणों की उपलब्धता और नए कार्यों के लिए पद सृजन जैसे मुद्दों पर भी मुहर लगाई गई, जिससे रेल कर्मचारियों की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी।
