जबलपुर। तैय्यब अली स्थित विधि स्पा सेंटर में मंगलवार को तेल-मालिश कराने पहुंचे एक वृद्ध की मौत हो गई। पुलिस ने प्रथम दृष्टया हार्ट अटैक होना बताया है। पुलिस ने मृतक की पहचान आरबी सिंह (64) के रूप में हुई है।
ओमती पुलिस सूत्रों ने बताया कि मंगलवार को आरबी सिंह विधि स्पा पहुंचे थे। इस दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें संभालने का प्रयास किया था, लेकिन कुछ ही देर में उनकी मृत्यु हो गई थी। मृतक के पास मिले दस्तावेजों से स्पा सेंटर से उनके परिजनों को सूचना दी थी। परिजन स्पा सेंटर पहुंकर शव अपने साथ घर ले गए।
स्पा संचालक तरुण दीक्षित का कहना था कि बुजुर्ग की तबीयत बिगड़ने के तुरंत बाद उनके परिजनों को सूचना देने के साथ ही ओमती थाना पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई थी। परिजनों ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर बताया कि मृतक लंबे समय से बीमार थे। इसी आधार पर उन्होंने पोस्टमार्टम नहीं कराने की इच्छा जताई। वहीं, ओमती थाना पुलिस का कहना है कि उन्हें इस संबंध में कोई औपचारिक जानकारी प्राप्त नहीं हुई है।