गोराबाजार क्षेत्र में रहने वाले रहीम खान व उनके परिजनों ने आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी शादी जबलपुर में ही रहने वाली एक युवती से तय हुई थी, यह शादी दोनों परिजनों की रजामंदी से होना थी, घर में शादी की तैयारियां की जा रही थी। 12 जुलाई की शाम रहीम घर के किसी काम से बाहर गया था। तभी एक फोन आया,जिसमें घर का पता पूछा गया, कुछ देर बाद ही चार से पांच बदमाश आए और रहीम के साथ मारपीट कर धमकी देते हुए चले गए। फिर रात 9 बजे के लगभग 20 से 25 बदमाश हथियारों से लैस होकर आए और घर में घुसकर घर में तोडफ़ोड़ कर महिलाओं के साथ अभद्रता की गई। यहां तक कि आग लगाने की कोशिश की गई। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंच गए, जिन्हे देख बदमाश भाग निकले। परिवार का कहना है कि पूरी घटना के सीसीटीवी फुटेज व वीडियो उनके पास मौजूद हैं।
दुल्हन बोली- शादी की तो जान से मारने की धमकी-
घटना को लेकर एसपी आफिस पहुंची युवती ने लिखित शिकायत देते हुए कहा कि वह और रहीम एक-दूसरे को पसंद करते हैं और दोनों परिवारों की सहमति से शादी कर रहे थे। उसका आरोप है कि बेलबाग निवासी आदित्य बैन लगातार उसे और रहीम को धमकी दे रहा था कि अगर मेरी नहीं हुई तो किसी की नहीं होने दूंगा। युवती ने बताया कि कुछ वर्ष पहले तक उसकी आरोपी से दोस्ती थी, लेकिन बाद में उसने जबरन शादी का दबाव बनाना शुरू कर दिया। परिवार की मर्जी से रहीम से विवाह तय होने के बाद आरोपी लगातार धमकियां दे रहा था।
थाना में शिकायत के बाद भी नहीं हुई कोई कार्यवाही-
पीडि़त परिवार का कहना है कि घटना के बाद गोराबाजार थाने में शिकायत की गई, लेकिन दो दिन तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका यह भी दावा है कि हमले के बाद से रहीम लापता है। आज परिवार व युवती ने एसपी कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। मामले में पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच के बाद कार्यवाही का आश्वासन दिया है।