जबलपुर। रेलवे द्वारा रेल परिचालन में उच्च स्तरीय सुरक्षा मानकों को बनाए रखने और संरक्षा के प्रति असाधारण जागरूकता दिखाने वाले रेलकर्मियों को सम्मानित किया जाता है। इसी क्रम में मई एवं जून 2026 माह के दौरान पश्चिम मध्य रेलवे में ड्यूटी के दौरान सतर्कता, त्वरित निर्णय क्षमता एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देकर संभावित दुर्घटनाओं को टालने वाले 10 रेलकर्मियों को पश्चिम मध्य रेल महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह द्वारा उत्कृष्ट संरक्षा जागरूकता पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मई 2026 माह के पुरस्कृत कर्मचारियों में लोको पायलट (गुड्स)/एनकेजे/जबलपुर मंडल अभिषेक कुमार, स्टेशन मास्टर (सगौनी)/जबलपुर मंडल सुधीर कुमार, केबिन मास्टर (भदभदाघाट)/भोपाल मण्डल चन्द्रगोपाल, वरिष्ठ सहायक लोको पायलट (गंगापुर सिटी)/ कोटा मण्डल धीर सिंह एवं लोको पायलट (गुड्स)/ कोटा मण्डल चेतराम घोड़ेला शामिल हैं।
जून 2026 माह के पुरस्कृत कर्मचारियों में स्टेशन मास्टर (कैमा)/जबलपुर मंडल विक्रम कुमार, की-मैन (सागर)/जबलपुर मंडल अरविन्द कुमार, स्टेशन मास्टर (श्रीनगर)/कोटा मण्डल श्री रामअवतार मीना, लोको पायलट मेल/ कोटा मण्डल श्री सत्य प्रकाश शर्मा एवं ट्रैक मैन - 1 (लाखेरी)/ कोटा मण्डल रविंद्र पाल शामिल हैं।
पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर, भोपाल और कोटा मंडलों में तैनात इन रेलकर्मियों ने विभिन्न रेल खंडों पर गश्त और ड्यूटी के दौरान हॉट एक्सल, ब्रेकवान में फायर, ब्रेक ब्लॉक जाम और रेल फ्रैक्चर जैसी गंभीर तकनीकी खामियों को समय रहते पहचान लिया। इनके द्वारा त्वरित गति से की गई सुरक्षात्मक कार्रवाइयों एवं आवश्यक संरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के कारण रेल परिचालन को सुरक्षित बनाए रखने में बड़ी सफलता मिली है।
महाप्रबंधक श्री सिंह ने इन सभी पुरस्कृत कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा और उनके द्वारा प्रदर्शित की गई सजगता की प्रशंसा करते हुए कहा कि रेलवे में संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा ऐसे सजग एवं समर्पित कर्मचारी पूरे ज़ोन के लिए प्रेरणास्रोत हैं। यह पुरस्कार अन्य रेलकर्मियों को भी अपनी ड्यूटी के दौरान सुरक्षा के प्रति और अधिक सचेत और जागरूक रहने के लिए प्रेरित करेगा।
