जबलपुर। स्कूल से घर लौटते समय रास्ता भटक गई एक 10 वर्षीय बालिका गोहलपुर तिराहे पर पुलिस को मिली। पुलिस ने प्रथम दृष्टया बालिका को समझाया और उसके परिजनों के बारे में पूछा। डरी-सहमी बालिका घर का पता नहीं बता पा रही थी। पुलिस ने बालिका के संबंध में सभी थानों को सूचित कर सोशल मीडिया पर जानकारी दी। इसका नतीजा यह रहा कि कुछ ही देर में बालिका के पालक थाने पहुंच गए।
गोहलपुर पुलिस ने बताया कि मंगलवार शाम गोहलपुर तिराहे के पास दुकानो के सामने एक 10 वर्षिय बच्ची रोते हुई खडी है, की सूचना मिलने पर गोहलपुर पुलिस तत्काल पहुंची। बच्ची को तत्काल थाने लाया गया, जिसने पूछने पर अपना नाम वैष्णवी तथा माता-पिता का नाम पूछने पर पिता का नाम राजू कोरी, मां का नाम अनीता कोरी एवं भाई का नाम विनायक बतायी। बच्ची से घर का पता पूछने पर पता नहीं बता पा रही थी। यह जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों एवं कन्ट्रोल रूम को दी गयी।
पुलिस ने वायरलैस सैट के माध्यम से शहर देहात के सभी थानों को लावारिस हालत में रोते हुये मिली बच्ची के सम्बध में जानकारी दी। जबलपुर पुलिस के वाट्सअप ग्रुपों में भी 10 वर्षिय बालिका का फोटो डालते हुये परिजनो की पतासाजी हेतु बताया। स्थानीयजनों के सहयोग से पतासाजी के दौरान राजू कोरी निवासी कटरा अधारताल का थाने आया, जिसने 10 वर्षिय बच्ची को अपनी बेटी वैष्णवी कोरी होना बताया। पिता का कहना था कि बच्ची स्कूल से छूटने के बाद घर जाते समय भटक कर गोहलपुर की ओर आ गयी थी। पिता को पुलिस ने समझाईश दी।
