जबलपुर। डुमना विमानतल पर टैक्सी संचालकों की मनमानी पर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपना लिया है। अक्सर टैक्सी चालकों द्वारा यात्रियों से मनमाना किराया वसूले जाने से विवाद की स्थितियां बनती थीं, जिससे लोग बेहद परेशान थे। यात्रियों की लगातार शिकायतों को देखते हुए आरटीओ श्रीमती रिंकू शर्मा ने अब आधिकारिक किराया सूची जारी कर दी है। नई व्यवस्था के तहत 1 से 10 किमी का किराया 500 रुपये, 11 से 15 किमी का 700 रुपये, 16 से 20 किमी का 800 रुपये और 21 से 25 किमी की दूरी के लिए 1000 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं 4 घंटे या 40 किमी के लिए 1200 रुपये, 6 घंटे या 60 किमी के लिए 1500 रुपये और 8 घंटे या 80 किमी के लिए 1800 रुपये तय किए गए हैं।
प्रशासन के सख्त तेवर से मिलेगी राहत
आरटीओ श्रीमती रिंकू शर्मा ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित दरों से अधिक किराया वसूलना अपराध माना जाएगा और इसके लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन के इस निर्णय से अब एयरपोर्ट पर व्याप्त अराजकता पर लगाम लगेगी और यात्रियों को राहत मिलेगी। अब किसी भी टैक्सी चालक को मनमानी करने की छूट नहीं होगी।
